ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊबहराइचः रात को सोते समय वृद्ध दम्पति की हत्या

बहराइचः रात को सोते समय वृद्ध दम्पति की हत्या

बहराइच जिले में घर के आंगन में सो रही वृद्धा की कातिलों ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या के बरामदे में सो रहे उसके पति को गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया। रविवार की सुबह गाय व बछड़े के लगातार...

1/ 2
2/ 2
हिन्दुस्तान संवाद , बहराइच। Sun, 26 May 2019 03:14 PM
ऐप पर पढ़ें

बहराइच जिले में घर के आंगन में सो रही वृद्धा की कातिलों ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या के बरामदे में सो रहे उसके पति को गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया। रविवार की सुबह गाय व बछड़े के लगातार रंभाने पर लोगों को शंका हुई। दोहरी हत्या की भनक लगते ही लोग हैरत में पड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एएसपी ग्रामीण रवींद्र सिंह, सीओ नानपारा अरुण चंद्र, एसएचओ मधुप नाथ मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये। फील्ड यूनिट, डाग स्क्वायड व स्वाट टीम ने मौके पर पहुंच कर तहकीकात की। पुलिस हत्या की वजह तलाश रही है। वृद्ध दम्पत्ति का मानसिक रूप से कमजोर इकलौता बेटा भी लगभग 30 वर्ष पूर्व लापता हो चुका है। एसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने मौके पर पहुंच कर घटना का जायजा लिया और हत्याकांड का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए। 

बाबागंज संवाद के अनुसार रुपईडीहा थाने के बसन्तपुर ऊदल के मजरे रामनगर में 70 वर्षीय मोहन गिरी पुत्र भरोसे गिरी शनिवार की रात अपने घर के बरामदे में सोए थे। उनकी कातिलों ने गला घोटकर हत्या कर दी। जबकि उनकी पत्नी 65 वर्षीय चंद्रावती की कातिलों ने धारदार हथियार से गला रेंत कर नृशंस हत्या कर दी। चंद्रावती घर के आंगन में सोई हुई थी। यह वृद्ध दम्पति लगभग 10 वर्ष पूर्व पैतृक गांव बस्ती से आकर रामनगर में मकान बनाकर रह रहा था।

मकान गांव के बाहर उत्तर नहर के पास एकांत में बना हुआ है। रविवार सुबह इनके घर का दरवाजा खुला हुआ था। गाय बछड़े जोर जोर से रंभा रहे थे। काफी देर तक घर से कोई नहीं निकला तो ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। लोगों ने दरवाजे के पास जाकर दूर से देखा तो वृद्धा की चारपाई के नीचे काफी खून पड़ा हुआ था। जिससे लोगों को कुछ शंका हुई। लोगों ने ग्राम प्रधान फौजदार वर्मा को जानकारी दी। ग्राम प्रधान ने पर तुरन्त थाने पर सूचना दी। दोहरे हत्याकांड की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। 

एसएचओ मधुप नाथ मिश्रा ने वृद्ध दम्पति के साथ अनहोनी की आशंका की जानकारी अफसरों को देते हुए पुलिस बल के साथ रामनगर गांव पहुंचे। बाबागंज पुलिस चौकी प्रभारी सोमपाल गंगवार, उपनिरीक्षक आरके सिंह सेंगर मौके पर पहुंचे तो दोहरे हत्या कांड का नजारा सामने था। कुछ देर बाद एएसपी ग्रामीण रवींद्र सिंह, सीओ नानपारा अरूण चंद्र भी डाग स्कवाड, फील्ड यूनिट व स्वाट टीम के साथ मौके पर पहुंच गये।
एएसपी ग्रामीण रवींद्र सिंह ने बताया कि तहकीकात की जा रही है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर लिया जाएगा। मृत दम्पति का बेटा काफी समय से लापता है। इसी थाने के बस्ती गांव में वृद्ध दम्पत्ति की कृषि भूमि है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें