ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊ बहराइचः पिंजरे में कैद की गई आक्रामक मादा तेंदुआ

 बहराइचः पिंजरे में कैद की गई आक्रामक मादा तेंदुआ

बहराइच वन प्रभाग के अब्दुल्ला गंज रेज से सटे बाबागंज में शुक्रवार को दोपहर जंगल से निकलकर आबादी में पहुंचे तेंदुए को देर रात पिंजरे में कैद कर लिया गया। उसे ट्रैकुंलाइज करने की भी जरूरत नहीं पड़ी। दो...

1/ 3
2/ 3
3/ 3
हिंदुस्तान संवाद ,बहराइच। Sat, 19 Jan 2019 03:17 PM
ऐप पर पढ़ें

बहराइच वन प्रभाग के अब्दुल्ला गंज रेज से सटे बाबागंज में शुक्रवार को दोपहर जंगल से निकलकर आबादी में पहुंचे तेंदुए को देर रात पिंजरे में कैद कर लिया गया। उसे ट्रैकुंलाइज करने की भी जरूरत नहीं पड़ी। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वह काबू में आ गया। पुलिस व वन कर्मियों की कड़ी सुरक्षा में तेंदुआ जिला मुख्यालय लाया गया। तीन पशु चिकित्सकों के पैनल ने उसका मेडिकल किया। इसके बाद मादा तेंदुए को सुहेलवा वन्यजीव प्रभाग के सुरम्य जंगल में प्राकृतिक वास को रवाना कर दिया गया।

बाबागंज संवाद के अनुसार रुपईडीहा थाने के बाबागंज में शुक्रवार को अपरान्ह पहुंचा तेंदुआ लोगों की भीड़ पर आक्रामक हो गया था। उसने चार घंटे के अंतराल में अब्दुल्लागंज रेंजर आरपी चौधरी सहित 12 लोगों को घायल कर दिया था। घेराबंदी पर तेंदुआ एकता ईंट भट्ठे पर श्रमिकों के लिए बनाए गए  ईंट से बनी फूस की झोपड़ी में घुस गया, वहीं उसे बन्द कर दिया गया था।
बहराइच  स्थित प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय से शुक्रवार की रात ही में पिंजरा मंगाया गया।

डीएफओ आरपी सिंह ने अफसरों को निर्देश दिया कि रात में ही तेंदुए को पिंजरे में कैद कर लिया जाए। सुबह होने पर लोगों की भीड़ हो सकती है। समुचित प्रकाश की व्यवस्था की गई। पिंजरे को सावधानी के साथ दरवाजे से सटाया गया। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया।

डीएफओ ने बताया कि उसका मेडिकल कराया गया है। वह  मादा तेंदुआ है। उसकी आयु लगभग साढ़े तीन वर्ष आंकी गई है।
 प्रमुख वन संरक्षक सुनील पांडेय के निर्देश पर तेंदुए को सुहेलवा वन्यजीव प्रभाग में छोड़े जाने को उसे लेकर वन महकमे की टीम रवाना हो गई है।

तेंदुए के हमले के दो घायल जिला अस्पताल रेफर
  सरसों के खेत में छिपे तेंदुए ने शुक्रवार को हांका लगा रहे लोगों में से दर्जनभर लोगों को घायल कर दिया था। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाबागंज के  चिकित्सा अधिकारी डॉ विवेक सिंह, शहनवाज रूलर हेल्थ क्लीनिक के डॉ जे ए सिद्दीकी,  सुयश गुप्ता क्लीनिक के डॉ सुरेश गुप्ता ने प्राथमिक इलाज किया। घायलों में बाबागंज के प्रीतम पुत्र गोपाल व सरैहिया निवासी छैलू पुत्र रामचंद्र की हालत गंभीर होने पर शनिवार को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें