किसी शरारती तत्व ने मधुमक्खियों के छत्ते में ढेला मार दिया। जिससे उग्र मधुमक्खियों के झुंड ने गुरुवार को हमलाकर छह लोगों को डंक मारकर घायल कर दिया। घायलों के शोर पर साहसी लोगों ने चारों ओर आग व धुंआ फैलाकर मधुमक्खियों को खदेड़ा। घायलों को एक निजी अस्पताल लाया गया। दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बाबागंज संंवाद के अनुसार रुपईडीहा थाने के पण्डितपुरवा गांव के बाहर मधुमक्खियों का छत्ता लगा है। आशंका है कि किसी शरारती तत्व ने छत्ते में ढेला मार दिया, जिससे उग्र मधुमक्खियों ने लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए जिन्हें स्थानीय लोगों ने धुआं करके बचाया। अपरान्ह एक बजे मधुमक्खियां लोगों पर टूट पड़ी। जिससे सड़क पर बाइक से जा रहे सुकई गांव निवासी बड़कऊ,गायघाट के राजेश, प्रगहवा के रहमान तीनों युवक घायल हो गए। जो बाइक छोड़ कर मन्दिर में घुस गए। जहां धुआ करके लोगों ने बचाया। उसी जगह खेत में काम कर रही बाबागंज निवासिनी जन्नतुल पत्नी उस्मान, खैरुल निशा पत्नी वकार पर मधुमक्खियां टूट पड़ींं। दोनों आबादी की ओर भागीं, किन्तु मधुमक्खियों की संख्या अधिक होने के कारण सड़क पर गिर पड़ीं। दोनों को बेहोशी की हालत में बाबागंज स्थित निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां घायलों इलाज चल रहा है। दोनों महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है।