ग्रीन फायर वर्क्स से जगमगाएगा दीपोत्सव, 26 लाख दीपों से रोशन होगी अयोध्या
Lucknow News - सीएम योगी के निर्देश पर पर्यटन विभाग ने दीपोत्सव-25 की तैयारी शुरू की है। 19 अक्टूबर को प्रदूषण-मुक्त ग्रीन फायर वर्क्स शो का आयोजन किया जाएगा। सरयू नदी के घाटों पर 26 लाख दीपक जलाए जाएंगे और शो में...

- सीएम योगी के निर्देश पर पर्यटन विभाग ने दिव्य और भव्य दीपोत्सव-25 की तैयारियां शुरू कीं - करीब 10 मिनट तक चलने वाला शो संगीत, लेज़र इफेक्ट्स और आधुनिक कोरियोग्राफी से सजेगा - बोले पर्यटन मंत्री, प्रदूषण-मुक्त आतिशबाज़ी अयोध्या की सांस्कृतिक भव्यता को करेगी प्रदर्शित लखनऊ, विशेष संवाददाता। दीपोत्सव-25 को भव्य और दिव्य बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पर्यटन विभाग द्वारा 19 अक्तूबर को दीपोत्सव में ग्रीन फायर वर्क्स शो का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन पूरी तरह से अंतरराष्ट्रीय ग्रीन फायर वर्क्स के मानक पर आधारित होगा। यह आतिशबाज़ी प्रदूषण मुक्त होगी।
इसके साथ ही दीपोत्सव में पर्यटकों को संगीत और तकनीक के साथ कोरियोग्राफी का अनूठा अनुभव देखने के साथ सुनने को मिलेगा। पर्यटन विभाग द्वारा दीपोत्सव-25 पर सरयू नदी के घाटों और राम की पैड़ी पर 26 लाख से अधिक दीपक जलाए जाएंगे। भक्ति-भाव से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के बीच इस बार ग्रीन फायरवर्क्स शो खास आकर्षण का केंद्र होगा, जो आस्था और नवाचार को साथ लाकर एक प्रदूषण-मुक्त रंग-बिरंगी रौशनी से जगमगाएगा। करीब 10 मिनट तक चलने वाला यह शो संगीत, लेज़र इफेक्ट्स और आधुनिक कोरियोग्राफी से सजा होगा। कई मीटर से ऊंचाई तक उठने वाली आतिशबाज़ी सरयू के जल पर अद्भुत प्रतिबिंब बिखेरेंगी और वहां मौजूद दर्शकों को रोमांचित कर देगी। दीपोत्सव-25 में दिखेगा परंपरा और नवाचार का उत्सव पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि दीपोत्सव-25 को दिव्य और भव्य बनाने की तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं। इस पर बार 26 लाख से अधिक दीपक और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रदूषण-मुक्त आतिशबाज़ी के साथ हम अयोध्या की सांस्कृतिक भव्यता को प्रदर्शित करेंगे। जो हर श्रद्धालु को अविस्मरणीय अनुभव देगा। विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश कुमार मेश्राम ने कहा कि इस बार के दीपोत्सव-25 में परंपरा और नवाचार दोनों का उत्सव देखने को मिलेगा। इस बार पर्यावरण हितैषी और कोरियोग्राफ्ड आतिशबाज़ी हमारे स्थायित्व के संकल्प को हर श्रद्धालु तक पहुंचाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




