स्तन में पड़ने वाली गांठ की जांच जरूरी
Lucknow News - जागरूकता कार्यक्रम लखनऊ, वरिष्ठ संवाददाता। स्तन में पड़ने वाली गांठ को नजरअंदाज न करें। डॉक्टर
जागरूकता कार्यक्रम लखनऊ, वरिष्ठ संवाददाता। स्तन में पड़ने वाली गांठ को नजरअंदाज न करें। डॉक्टर की सलाह लें। जांच कराएं। जांच में बीमारी का पता चलने पर घबराएं नहीं बल्कि इलाज कराएं। समय पर इलाज से कैंसर ठीक हो सकता है। यह जानकारी कल्याण सिंह कैंसर संस्थान के निदेशक डॉ. एमएलबी भट्ट ने दी। वह सोमवार को गोसाईंगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। स्वस्थ्य संवाद के तहत महिलाओं में होने वाले कैंसर के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। निदेशक डॉ. एमएलबी भट्ट ने कहा कि स्तन में पड़ने वाली 80 प्रतिशत गांठ कैंसर की नहीं होती है।
वह सामान्य गांठ होती हैं। लेकिन ऐसी गांठ को भी छोड़ा नहीं जाना चाहिए। डॉक्टर की सलाह पर इलाज कराएं। कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष डॉ. आयुष लोहिया ने कहा कि महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर बहुत आम है। व्यक्तिगत साफ सफाई रखकर काफी हद तक सर्वाइकल कैंसर से महिलाएं खुद को बचा सकती हैं। इसके अलावा 14 साल से कम उम्र की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर के लिए जिम्मेदार एचपीवी वायरस से बचाव का टीका लगवाएं। 14 साल की उम्र तक की बेटियों को दो टीके लगाए जाते हैं। इससे अधिक उम्र की बेटियों और महिलाओं को तीन टीके लगाए जाते हैं। डॉ. अंशु सिंह एवं डा. रोहित ने कहा कि बयोप्सी से कैंसर फैलता नहीं है। बल्कि इलाज की दिशा तय करने में बायोप्सी की अहम भूमिका है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




