
ठगी की 'क्वीन' गिरफ्तार, प्रियंका ने चिटफंड के नाम पर करोड़ों लूटे
Lucknow News - चिटफंड कंपनी जेकेवी लैंड एंड डेवलपर्स इंफ्रास्ट्रक्चर की असिस्टेंट डायरेक्टर प्रियंका सिंह को एसटीएफ और ललितपुर पुलिस ने पीजीआई क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम था और उस पर 19 मामले दर्ज हैं। कंपनी ने करोड़ों की ठगी की थी।
चिटफंड कंपनी बनाकर ठगी करने वाली जेकेवी लैंड एंड डेवलपर्स इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी की असिस्टेंट डायरेक्टर प्रियंका सिंह को एसटीएफ और ललितपुर पुलिस ने पीजीआई क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर डीआईजी रेंज झांसी ने 50 हजार का इनाम घोषित किया था। आरोपी के खिलाफ जौनपुर, आजमगढ़, वाराणसी, महोबा, मऊ, ललितपुर व लखनऊ में 19 मामले दर्ज हैं। डीएसपी एसटीएफ सत्यसेन यादव के मुताबिक प्रियंका सिंह की गिरफ्तारी के लिए ललितपुर पुलिस ने एसटीएफ से सहयोग मांगा था।
इसके बाद एसटीएफ ने छानबीन की। उसके बाद ललितपुर पुलिस के साथ मिलकर पीजीआई के एल्डिको कॉलोनी स्थित सौभाग्यम अपार्टमेंट टॉवर नंबर-10 के एक फ्लैट से प्रियंका सिंह को गिरफ्तार किया गया है। प्रियंका जानकीपुरम के सहारा स्टेट की रहने वाली है। आरोपी ने कबूला कि वर्ष 2011 में जेकेवी लैंड एंड डेवलपर्स इंफ्रास्ट्रक्चर नाम से कंपनी ललितपुर में खोली गई थी। इसमें वह, पति राजेश कुमार सिंह, दुर्गेश जायसवाल व विक्रांत त्रिपाठी असिस्टेंट डायरेक्टर और दीपक शुक्ला व आशीष श्रीवास्तव डायरेक्टर थे।
कंपनी का रजिस्टर्ड कार्यालय हजरतगंज के महात्मा गांधी मार्ग स्थित हैवलक रोड पर दिखाया गया था। इन लोगों ने पीड़ितों को कंपनी में बतौर एजेंट नौकरी दी। एजेंटों की मदद से कंपनी में खाते व एफडी खुलवाई गई। जिसके बदले पासबुक व एफडी प्रमाण पत्र दिए गए थे। करोड़ों रुपये जमा कराने के बाद आरोपी कंपनी में ताला लगाकर गायब हो गए थे। इसके बाद पीड़ितों ने ललितपुर के थाना कोतवाली में वर्ष 2019 में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 29 जून 2025 को मामले में फरार डायरेक्टर आशीष श्रीवास्तव को इंदौर से गिरफ्तार किया गया था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




