ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊसेना ने दिखाया जौहर, 20 मिनट में दुश्मन के ठिकाने तबाह

सेना ने दिखाया जौहर, 20 मिनट में दुश्मन के ठिकाने तबाह

भारत माता की जय के नारे लगाए

सेना ने दिखाया जौहर, 20 मिनट में दुश्मन के ठिकाने तबाह
हिन्दुस्तान टीम,लखनऊThu, 06 Feb 2020 07:31 PM
ऐप पर पढ़ें

भारत माता की जय के नारे लगे

लखनऊ। प्रमुख संवाददाता

राजधानी के वृंदावन इलाके में आतंकियों का कब्जा हो गया। आर्मी कमांडर ने सेना को मूव करने का आदेश दिया। बहादुर जवानों ने बिना समय गंवाए साजो समान के साथ मोर्चा संभाला। जमीन पर आटिलरी के जवानों व आसमान से वायु के हेलीकाप्टर से भीषण गोलाबारी व बम बारिश से दुश्मनों के हौसले पस्त हो गए। महज 20 मिनट की तापड़तोड़ कार्रवाई में दुश्मनों के ठिकाने तबाह हो गए। पूरा इलाका दुश्मन से खाली हो गया। देश की सेना की त्वरित कार्रवाई देखकर रोंगटे खड़े हो गए। मौजूद दर्शकों विशेषकर बच्चों में खूब जोश भरा। वह सेना की हर एक कार्रवाई पर भारत माता की जय के नारे लगाते रहे।

सेना की दिलेरी से लोग जोश से भरे

वृंदावन योजना के सेक्टर-15 में आयोजित डिफेंस एक्सपो के दूसरे दिन एक बार फिर सेना अपना जौहर दिखाया। लाइव डेमो एरिया को युद्ध के मैदान तब्दील कर दिया गया था। सेना ने युद्ध के दौरान होने वाली सैन्य कार्रवाई का छोटे रूप में दिखाने का प्रयास किया। उसे देखकर लोगों को अपनी सेना पर न सिर्फ भरोसा मजबूत हुआ बल्कि गर्व भी हुआ। दुश्मन को हो ठिकाने लगाने के लिए हेलीकाप्टर से कमांडो उतारे गए। रुद्र व ध्रुव हेलीकाप्टर से हमले हुए। सेना को रोकने के लिए खोदी गई खाई पर ताबड़तोड़ पुल बना। बारूदी सुरंगों को नष्ट किया गया। अर्जुन, भीष्म, वज्र, वीएमपी टैंकों ने पुल पर व पानी से भरे गड्ढे से प्रवेश करते हुए ताबड़तोड़ हमला किया। आर्टीलरी दस्ते गोले बरसाकर दुश्मन के हौसले पस्त करने में जुटे रहे। पूरा वृंदावन इलाका बमबारी से दहल गया। कुछ जवान बंकर में छिपे बैठे थे। उनको आर्टिलरी के जवानों ने मार गिराया।

वायु सेना ने दिखाई ताकत

इससे पहले एयर शो का आयोजन हुआ। सबसे पहले तीन एमआई-17 हेलीकाप्टर ने सेना के तीनों अंगों का झण्डा लेकर प्लाई पास्ट किया। हेलीकाप्टर देखते ही मौजूद लोगों ने तालियों से स्वागत किया। साथ ही भारत माता की जय के नारे लगाए। इसके बाद कुछ दिन पहले वायु सेना के दस्ते में शामिल हुए दो रोटर वाले चिनूक की दस्तक हुई। रूद्र हेलीकाप्टर भी मिग फार्मेशन में फ्लाई पास्ट किया।

सुखोई दहलाया दिल

एयर शो के दौरान सुखोई की ताकत से लोगों को दिल दहल गया। तेज आवाज के साथ उसने प्रवेश किया और सीधे आसमान में सूर्य की तेज रोशनी में गायब हो गया। लोगों की निगाहें आसमान में टिकी ही थी कि सामने से वह गोते लगाता हुआ दिखा। उसने आसमान में न सिर्फ गोलाकार आकृति बनाई, बल्कि कलाबाजी भी की। उसे देखकर लोग रोमांचित हो उठे और तालियां बजाकर अभिवादन किया।

किरन ने बनाया फार्मेशन

किरन विमान ने मिग फार्मेशन में धुआं उड़ाता हुआ प्रवेश किया। उसने तेज गति में विपरीत दिखा में तेजी से मुड़ते हुए सभी चौका दिया। इसके अलावा तेजस व चेतक ने अपनी मौजूदगी से लोगों में रोमांच भरा।

शाम को सूर्य किरन ने किया रोमांचित

शाम को हुए एयर शो में सूर्य किरन ने सभी को रोमांचित कर दिया। नौ विमानों वाली टीम ने 300 किलोमीटर की गति में संतुलन बनाते हुए तेजस, मिग-21, राफेल, अंतरिक्ष यान आदि फर्मेशन बनाए। एक विमान ने उल्टा होकर उड़ान भरा तो लोग खड़े होकर उत्साहवर्धन करने लगे। इस दौरान हेलीकाप्टर ने भी कलाबाजी करते हुए संतुलन बनाने का प्रदर्शन किया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें