गुलाब की 2,669 प्रजातियों के साथ शुरू हुआ देश का दूसरा सबसे बड़ा रोज गार्डेन

Feb 28, 2026 09:26 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, लखनऊ
share Share
Follow Us on

Lucknow News - - जनेश्वर मिश्र पार्क में रोज फेस्टिवल के साथ रोज गार्डेन का शुभारंभ -15

गुलाब की 2,669 प्रजातियों के साथ शुरू हुआ देश का दूसरा सबसे बड़ा रोज गार्डेन

-अभिनेता अमित सियाल, अभिनेत्री तनिषा मुखर्जी, राहगीर बने फेस्टिवल के आकर्षण लखनऊ, कार्यालय संवाददाता जनेश्वर मिश्र पार्क में विकसित किये गये देश के दूसरे सबसे बड़े रोज गार्डेन का शनिवार को रोज फेस्टिवल के साथ रंगारंग आगाज हुआ। लखनऊ विकास प्राधिकरण के सचिव विवेक श्रीवास्तव ने फीता काटकर रोज गार्डेन का उद्घाटन किया। इस मौके पर अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा एवं सीपी त्रिपाठी, वित्त नियंत्रक दीपक सिंह, संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जनेश्वर मिश्र पार्क में गेट नंबर-6 के निकट 15 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित यह रोज गार्डेन देश का दूसरा सबसे बड़ा रोज गार्डेन है।

रोज गार्डेन में गुलाब की 2,269 प्रजातियों के कुल 10,509 पौधों को वैज्ञानिक ढंग से रोपित एवं व्यवस्थित किया गया है। रेनबो थीम पर आधारित यह रोज गार्डेन विविध रंगों के माध्यम से प्रकृति की सुंदरता, समरसता एवं जैव विविधता का सशक्त संदेश देता है। एलडीए द्वारा प्रस्तुत एवं रेपर्टवा फाउंडेशन के सहयोग से हुए रोज फेस्टिवल में लोगों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का आयोजन ‘पर्यावरण के प्रति प्रेम’ की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया। रोज गार्डेन परिसर में स्थापित अवेयरनेस टू एक्शन पर्यावरण गैलरी में पौधरोपण, जैव विविधता संरक्षण एवं शहरी पारिस्थितिकी पुनर्स्थापन से संबंधित प्रदर्शनी लगाई गई। मियावाकी पद्धति पर आधारित सघन वृक्षारोपण के जीवंत प्रदर्शन के माध्यम से तीव्र एवं घनी हरित पट्टी विकसित करने की तकनीक का प्रदर्शन किया गया। राहगीर के गीतों पर झूमे दर्शक फेस्टिवल में पर्यावरण विषयक संवाद सत्रों का संयोजन फिल्मकार रूडी सिंह द्वारा किया गया। प्रथम सत्र धरती की आवाज़ सुनना: पेड़, पानी और वो कहानियां जो आज भी हमें बचा सकती हैं विषयक रहा। जिसमें में वानिकी विशेषज्ञ डॉ. वी. रामकांथा, संरक्षणवादी रामवीर तनवर एवं अभिनेत्री–पर्यावरणविद तनिषा मुखर्जी ने वन पुनर्स्थापन, जल संरक्षण एवं सामूहिक उत्तरदायित्व पर विचार रखे। दूसरे सत्र भविष्य की आवाज़ सुनना: युवा आवाज़ें, जलवायु संबंधी सत्य और कार्रवाई करने का साहस में बॉलीवुड अभिनेता अमित सियाल, वन्यजीव सलाहकार ईशान शनावास, फिलॉन्थ्रोपिस्ट डॉ. चिनू क्वात्रा एवं जलवायु संचारक उदित गुप्ता ने युवाओं की भूमिका, जलवायु जागरूकता एवं सतत विकास की आवश्यकता पर बल दिया। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोक कलाकार राहगीर ने एक कच्चा घड़ा हूं मैं एवं मेरे गांव में जैसी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। इसके बाद पॉप-रॉक बैंड नालायक की शानदार प्रस्तुति ने वाहवाही बटोरी। इसके साथ ही कविता, कहानी, इंटरैक्टिव वर्कशॉप एवं ब्रीथ फार्मिंग पहल के अंतर्गत प्रतिभागियों को पौधा वितरण किया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।