
वोट बनवाकर नागरिकता बचाए PDA समाज- अखिलेश यादव ने की मतदाताओं से अपील, भाजपा पर लगाए वोट काटने के आरोप
Lucknow News - समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को मतदाताओं और पीडीए प्रहरी के नाम पाती जारी करते हुए कहा कि वे वोट काटने की किसी भी साजिश को कामयाब न होने दें। अखिलेश ने चेताते हुए कहा कि मतदाता सूची में नाम होना ही नागरिक होने की निशानी है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को मतदाताओं और पीडीए प्रहरी के नाम पाती जारी करते हुए कहा कि वे वोट काटने की किसी भी साजिश को कामयाब न होने दें। चौकन्ना रहें, सजग होकर अपना वोट बनवाएं और अपने नागरिक होने की पहचान बचाएं। प्रयासों के बावजूद भी पीडीए समाज के करोड़ों वोट काट गए। बूथ पर अब गहन जांच पड़ताल करनी है। अखिलेश ने कहा कि हर मतदाता को याद दिलाएं कि वोटर लिस्ट में नाम का महत्व क्या है। वोटर लिस्ट में नाम न होने को आधार बनाकर कहीं भाजपा सरकार कल कोई काला कानून न ले आए और खेत-जमीन, घर-मकान सबसे आपका नाम कट जाए या कहें बेदखली कर दी जाए या देश में बाहरी साबित कर दिया जाए।
अखिलेश ने चेताते हुए कहा कि मतदाता सूची में नाम होना ही नागरिक होने की निशानी है। वोटर आईडी को ही अपना नागरिक आईडी मानें। उन्होंने कहा है कि भाजपा सरकार निर्विरोध चुनाव लड़वाने का खेल, खेल सकती है, वो चुनाव में वोट काटने के लिए कुछ भी कर सकती है, क्योंकि चुनाव जीतकर सरकार बनाना और फिर भ्रष्टाचार करना और जल, जंगल, जमीन पर कब्जा करना ही भाजपा और उनके संगी-साथियों की गुप्त मंशा है। इसीलिए इस पत्र को एक चेतावनी मानें और भाजपा सरकार को हटाने को लिए वोट बनवा कर नागरिकता बचाएं। चुनावों में भाजपा के खिलाफ वोट डालकर ‘अपनी पीडीए सरकार’ बनाएं।
उन्होंने अपील करते हुए कहा है कि ‘पीडीए समाज’ ये सोचकर चले कि जब हमारे पास वोट डाल कर सरकार बनाने का अधिकार है। ये वर्चस्ववादी अपनी मन मर्जी की सरकार बनाकर, ढाल की तरह हमारी रक्षा करने वाले संविधान को ही खत्म कर देंगे। अपना वोट बचाने का मतलब अपना संविधान और अपने हक का आरक्षण व नौकरी बचाना भी है। अपना वोट बनाएं, अपना भविष्य बचाएं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




