
भाजपा सरकार में दलितों पर अत्याचार बढ़ा: अखिलेश
संक्षेप: Lucknow News - - सामंतवादियों को भाजपा सरकार का संरक्षण मिला लखनऊ, विशेष संवाददाता समाजवादी पार्टी
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश में दलितों पर अन्याय और अत्याचार की घटनाएं बढ़ी हैं। इस सरकार में सामंती ताकतों का मनोबल बढ़ा हुआ है। अपराधियों और सामंतवादियों को भाजपा सरकार का संरक्षण मिला हुआ है। हर स्तर पर भेदभाव हो रहा है। एक तरफ सत्ता समर्थक पीडीए को तरह-तरह से अपमानित कर रहे हैं। वहीं भाजपा सरकार पीडीए की नौकरी, आरक्षण और हक छीन रही है। अखिलेश ने गुरुवार को कहा है कि रायबरेली में दलित समाज के नौजवान की पीट-पीट कर हत्या हुई। लखनऊ मे काकोरी में दलित समाज के बुजुर्ग के साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया ये चंद घटनाएं हैं।
उत्तर प्रदेश में हर दिन ऐसी न जाने कितनी घटनाएं हो रही हैं। पुलिस-प्रशासन ऐसी घटनाओं पर मूकदर्शक बना रहता है। भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश में दलितों और महिलाओं के साथ अपराध की घटनाएं देश में सबसे ज्यादा हो रही है। उन्हें अपमानित किया जाता है। सत्ता के दबाव में पुलिस असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई नहीं करती है। उन्होंने कहा कि इस सरकार का अहंकार चरम पर है। भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। पुलिस का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है। पीडीए समाज भाजपा और उसकी सरकार के अन्याय, अत्याचार को देख रहा है। पीडीए समाज पीड़ा के एक सूत्र में बंधा है। भाजपा सरकार जाएगी तभी दलितों, पिछड़ों, महिलाओं, अल्पसंख्यकों को न्याय मिलेगा। तभी भेदभाव खत्म होगा और नौकरी, आरक्षण मिलेगा। विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




