किसानों के बीच बैठे भाजपाई बिचौलियों का हो भंडाफोड़ : अखिलेश
Lucknow News - - सपा प्रमुख ने किसानों हितों को लेकर सरकार की भूमिका पर उठाए सवाल

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को किसान हितों के मुद्दे पर सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। अखिलेश ने कहा है कि किसानों को नुकसान पहुंचा कर हमारे देश में कोई भी सरकार चल नहीं सकती है। भाजपा सरकार स्पष्ट करे कि विदेशियों के सामने अपने हितों का समर्पण करने की क्या मजबूरी है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा कभी भूमि अधिग्रहण लाकर खेती-किसानी को हड़पने का षड्यंत्र करती है। कभी काले-कानूनों से किसानों को मौत के मुंह में ढकेल देती है। भाजपाई सोच बिचौलियों वाली है, वो पैदावार-उत्पादन की जगह बीच में कमीशनखोरी से सिर्फ अपना पेट भरना जानती है।
अखिलेश ने एक्स अकाउंट पर लिखा कि ‘खेती-किसानी’ के बीच ही नहीं, ‘किसानों’ के बीच भी बैठे भाजपाई बिचौलियों का भंडाफोड़ होना चाहिए। किसान कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा। भाजपा जाए तो खेतीबाड़ी बच पाए! अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा भेदभाव की राजनीति करती है, भाजपा न्याय दिलाने में भी भेदभाव करती है। संसद परिसर में मंगलवार को पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से किसानों और खेती को खतरा है। उन्होंने कहा कि जब सब कुछ विदेश से आएगा तो हमारे किसान की उपज का क्या होगा? क्या हमारा किसान अपनी फसल की सही कीमत पाएगा? उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ डील से खेती और किसानी को नुकसान है। भाजपा हमेशा किसानों के खिलाफ रहती है। अखिलेश ने कहा कि जब सब कुछ विदेश से आएगा तो किसान क्या उगाएगा?क्या बेच पाएगा? क्या कमाएगा?, कैसे अपना घर बनाएगा-चलाएगा? कैसे बच्चों को पढ़ाएगा? कैसे घर के बुजुर्गों का इलाज करवाएगा? कैसे बेटियों को हंसी-ख़ुशी विदा कर पाएगा? कैसे अपने भविष्य के लिए दो पैसे जमा कर पाएगा? मतलब आज क्या खाएगा, कल के लिए क्या बचा पाएगा?

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




