
‘नौकरी न देकर PDA का आरक्षण छीन रही भाजपा’ अखिलेश यादव ने साधा निशाना
Lucknow News - समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार के एजेंडे में न तो भर्ती है और न ही नौकरी। भाजपा नौकरी न देकर पीडीए के हक का आरक्षण छीनना चाहती है। अखिलेश ने शुक्रवार को भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अग्निवीर जैसी योजनाओं ने युवाओं के भविष्य की सुरक्षा को भी खतरे में डाल दिया है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार के एजेंडे में न तो भर्ती है और न ही नौकरी। भाजपा नौकरी न देकर पीडीए के हक का आरक्षण छीनना चाहती है। भाजपाई हर काम को आउटसोर्सिंग से करवाना चाहते हैं। अखिलेश ने शुक्रवार को भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अग्निवीर जैसी योजनाओं ने देश की सुरक्षा के साथ ही युवाओं के भविष्य की सुरक्षा को भी खतरे में डाल दिया है।
अखिलेश ने कहा है कि आज बेरोजगारी का जो हाल है, उससे न केवल युवाओं में बल्कि उनके परिवारों में भी मायूसी है। लोग खेत-जमीन बेचकर अपने बच्चों को पढ़ाते हैं, लेकिन नौकरी न मिलने पर नाउम्मीदगी और निराशा से वे घिर जाते हैं। भाजपा राज में कोई खुशखबरी नहीं आती है। भाजपा ने पीड़ा, दुख, अपमान-अन्याय के सिवा जनता को कुछ नहीं दिया है। इसीलिए जनता अब ‘हंसी-खुशी छीनने वाली भाजपा को हटाकर सच्चा उत्सव-त्योहार मनाएगी। भाजपा जाए तो भर्ती-नौकरी आए। उन्होंने कहा है कि भाजपा सरकार में नौजवान, किसान, मजदूर, आम जनता सभी महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त हैं। नौजवानों के लिए नौकरी व रोजगार नहीं है।
अखिलेश यादव ने किसानों के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा किसानों को कोई सुविधा नहीं मिल रही। भाजपा सरकार किसानों को खाद, बीज और कीटनाशक नहीं दे पा रही है। किसाान तमाम परेशानियों के बीच मेहनत करके फसल पैदा करता है, लेकिन भाजपा सरकार फसलों, फलों और सब्जियों के लागत मूल्य भी नहीं दिला पा रही है। भाजपा सरकार में किसानों की फसल लूटी जा रही है। बिचौलिए लूट रहे हैं। उन्हें सरकार का संरक्षण मिला है। उपभोक्ताओं को वही सामान महंगा मिल रहा है। भाजपा सरकार का बाजार पर कोई नियंत्रण नहीं है। सरकार की गलत नीतियों से किसान नौजवान बर्बाद हो रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




