
कफ सिरप मामले की सच्ची जांच के लिए ईमानदारों की एसटीएफ बने: अखिलेश
Lucknow News - - खुद जब फंस जाओ तो दूसरों पर इल्जाम लगाओ लखनऊ, विशेष संवाददाता
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नकली और जहरीली कोडीन कफ सिरप के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि जब खुद फंस जाओ तो दूसरे पर इल्जाम लगाओ। ये खेल बहुत पुराना है। हुक्मरान कोई नई बात बताओ। कोडीन कफ सिरप के मामले की सच्ची जांच के लिए ईमानदार लोगों की एक सिरप टास्क फोर्स मतलब एसटीएफ बननी चाहिए। अखिलेश ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा है कि प्रदेश से लेकर देश के अन्य राज्यों तक फैले हजारों करोड़ के इस अवैध कारोबार को भाजपा सरकार का संरक्षण मिला हुआ है। भाजपा सरकार में इसी तरह से अन्य कई अवैध कारोबार हो रहे हैं।

भूमाफिया जिलों-जिलों में सरकारी और गरीबों की जमीनों पर अवैध कब्जे कर रहे हैं। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है। हर विभाग और हर काम में भ्रष्टाचार है। उन्होंने कहा कि यह सरकार गरीबों और बच्चों की जिंदगी के साथ खेल रही है। नकली कफ सिरप के कारोबारियों पर सरकार का बुलडोजर खामोश है। वाराणसी से शुरू होकर यह अवैध कारोबार जिले-जिले होते हुए अन्य प्रदेशों और विदेश तक पहुंच गया। अवैध और जहरीली कफ सिरप मामले की जांच कर रही एसटीएफ भी अवैध कारोबारियों से मिली हुई है। अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




