
भाजपा एसआईआर में धांधली कर फर्जी वोट बनाने में लगी: अखिलेश
Lucknow News - - धांधली कर वोट बनवाने वालों के खिलाफ होगी एफआईआर लखनऊ, विशेष संवाददाता
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा मतदाता सूची की एसआईआर प्रक्रिया में धांधली करना चाहती है। भाजपा दोबारा फर्जी वोट बनाने में लगी है। भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था अपवित्र करने पर उतावली है। सपा हेराफेरी कर फर्जी वोट बनवाने वालों, अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएगी। इसका प्रारूप सपा के सभी बीएलए और बूथ प्रभारियों को भेजा जा रहा है। सपा मुखिया ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 2027 में सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ता एकजुट होकर घर-घर जाएं और लोगों से संपर्क कर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को बताएं।
उन्होंने प्रदेश की जनता से भाजपा की साजिशों से सावधान रहने की अपील की। प्रदेश की जनता और मतदाता भाजपा के साथ नहीं है। भाजपा भूमाफिया की भूमिका में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में सरकारी और गरीबों की जमीनों पर भाजपाई अवैध रूप से कब्जा कर रहे हैं। भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है। हर विभाग में भ्रष्टाचार हो रहा है। भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार की इन्तिहा कर दी है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का पता नहीं चलेगा। मतदाता सूची के लिए किया जा रहा एसआईआर ही एनआरसी है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के बाद भी मतदाता सूची में तमाम खामियां सामने आ रही हैं। मुख्यमंत्री ने खुद स्वीकारा है कि चार करोड़ वोट कट रहे हैं। भाजपा मतदाता सूची में हेराफेरी का प्रयास कर रही है। मतदाता सूची को लेकर केंद्रीय और राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों में भारी अंतर है। आखिर ऐसा कैसे हो रहा है कि मतदाता सूची बनाने वाले बीएलओ और अधिकारी-कर्मचारी जब वही है तो मतदाताओं की संख्या का आंकड़ा अलग-अलग क्यों है?

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




