एयरपोर्ट के इंटरनेशनल टर्मिनल पर सन्नाटा, दूसरे दिन भी 17 फ्लाइटें रद्द
Lucknow News - -यात्रियों को काउंटर पर कहा गया अभी पांच दिन और इंतजार करें, हालात पर नजर

एयरपोर्ट के इंटरनेशनल टर्मिनल पर सन्नाटा पसरा है। सिर्फ बैंकॉक या कुआलालम्पुर की फ्लाइटों पर कन्वेयर बेल्ट चलने की आवाज सुनाई दे रही है। सुबह से रात तक इंटरनेशल टर्मिनल पर 21 से 22 फ्लाइटों की आवाजाही रहने से हमेशा चहल पहल रहती थी। अब लगातार दूसरे दिन खाड़ी देशों की सभी फ्लाइटें निरस्त रहने से एक भी यात्री दिखाई नहीं पड़ रहा। बाहर की ओर एयरलाइंस काउंटरों पर पूछताछ करने वालों की संख्या कम नहीं हो रही थी। गोंडा से आए मिथिलेश ने बताया कि उनको जेद्दा जाना था। एयरलाइंस के काउंटर पर बताया गया कि अभी पांच सात दिन इंतजार करना पड़ सकता है।
एयरलाइंस हालात पर नजर बनाए हुए हैं। दुबई में हमले होने की वजह से कोई भी विमानन कंपनी यात्रियों के साथ जोखिम नहीं उठाना चाहती है। ईरान पर इजरायल और अमेरिका के हमले के बाद उपजे हालात को देखते हुए खाड़ी देशों से हवाई नेटवर्क पूरी तरह कट गया है। रविवार को एक भी उड़ान लखनऊ से खाड़ी देशों को रवाना नहीं हो सकी। रविवार को लखनऊ आने और यहां से जाने वाली 17 उड़ानों को निरस्त कर दिया गया। दोनों ओर के करीब 2500 यात्रियों को अपनी यात्रा निरस्त करना पड़ा है। रविवार को मस्कट, अबुधाबी, शारजाह, दम्माम, रियाद, दुबई से आने वाली उड़ानें निरस्त रहीं। यह उड़ानें लखनऊ के एयरपोर्ट नहीं पहुंची। इस कारण लखनऊ से खाड़ी देशों को जाने वाली नौ उड़ानों को भी निरस्त करना पड़ा। लखनऊ से बड़ी संख्या में रोजगार और कामकाज के लिए बहराइच, गोंडा, सुलतानपुर, बलरामपुर सहित आसपास के कई जिलों के युवा दुबई, सऊदी अरब सहित कई देशों को जाते हैं। लखनऊ एयरपोर्ट पर एयरलाइन कंपनियों के काउंटरों पर यह यात्री अपनी आगे की यात्रा को लेकर पूछताछ करते रहे। यात्रियों को आठ मार्च के बाद की उड़ानों के टिकट दोबारा जारी किए गए हैं। हालांकि आठ मार्च तक हालात सामान्य होंगे, इसे लेकर अब भी संशय बना हुआ है। कुछ यात्रियों ने रिफंड मांगा, पता चला कि टिकट एजेंटों से कराया गया है। ऐसे में रिफंड उन एजेंटों के खातों में भेजा गया। एयरलाइन कंपनियों ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। यात्रियों को घर से निकलने से पहले उस दिन अपनी उड़ानों की जानकारी लेने को कहा गया है। यह फ्लाइटें रविवार को रहीं निरस्त उड़ान संख्या - कहां से कहां 6ई-1416 अबुधाबी-लखनऊ 6ई-1424 शारजाह-लखनऊ एक्सवाइ 333 रियाद-लखनऊ ओवी 705 मस्कट-लखनऊ आइएक्स 2171 दिल्ली-लखनऊ आइएक्स 194 दुबई-लखनऊ आइएक्स-190 रियाद-लखनऊ 6ई-098 दम्माम-लखनऊ आइएक्स 193 लखनऊ दुबई ओवी 706 लखनऊ- मस्कट आइएक्स 189 लखनऊ-रियाद एक्सवाइ 334 लखनऊ -रियाद आइएक्स 197 लखनऊ -दुबई आइएक्स 2170 लखनऊ-दिल्ली 6ई-1415 लखनऊ-अबुधाबी 6ई-097 लखनऊ- दम्माम 6ई-1423 लखनऊ -शारजाह
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


