रनवे पर तकनीकी खराबी से एयर इंडिया की फ्लाइट ढाई घंटे लेट
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में तकनीकी खराबी के कारण ढाई घंटे की देरी हुई। विमान के पायलट ने समस्या का संदेह जताया, जिसके बाद यात्रियों को विमान में इंतजार करना पड़ा। अंततः, विमान रात लगभग 11:10 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुआ।

चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में सोमवार देर रात रनवे पर पहुंचते ही अचानक तकनीकी खराबी आ गई। इससे विमान समय पर उड़ान नहीं भर सका। बाद में इंजीनियरों की टीम ने कड़ी मशक्कत कर खराबी दूर की, तब करीब ढाई घंटे बाद यह विमान गंतव्य रवाना हुआ। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक लखनऊ से रात 8:25 बजे दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया एयरलाइंस की फ्लाइट (एआई-1877) सोमवार रात अपने निर्धारित समय से लखनऊ एयरपोर्ट पर टेकऑफ के लिए जा रही थी। सूत्रों ने बताया कि यह विमान रनवे पर पहुंच चुका था, तभी विमान के पायलट को अचानक उसमें तकनीकी समस्या का संदेह हुआ। उसने सूचना एटीसी को दी। बाद में विमान को वापस टैक्सी-वे पर लाया गया। वहीं, यात्रियों को विमान में तकनीकी खराबी का पता चला तो वह दहशत में आ गए। इंजीनियरों की टीम को विमान में आई गड़बड़ी दूर करने के लिए लगाया गया। इस दौरान विमान में सवार कुल 127 यात्री और 6 क्रू मेंबर विमान के अंदर ही बैठे खराबी दूर होने का इंतजार करते रहे.
ढाई घंटे की देरी से रवाना हुआ विमान
सूत्रों ने बताया कि तकनीकी खराबी के दौरान यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। कई यात्री देरी को लेकर परेशान रहे। काफी देर बाद एयरलाइन्स के इंजीनियरों और तकनीकी टीम ने विमान की जांच कर खराबी को दूर किया। तब सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद विमान को करीब ढाई घंटे की देरी से रात लगभग 11:10 बजे दिल्ली के लिए रवाना किया गया। उधर इस घटना के चलते एयरपोर्ट पर कुछ समय तक अफरा-तफरी और असमंजस की स्थिति बनी रही।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


