डिवाइडर तोड़ कंटेनर दूसरी लेन में जा रही कार से भिड़ा, दंपति की मौत
Lucknow News - आगरा एक्सप्रेस वे पर एक बेकाबू कंटेनर ने डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में कार को टक्कर मार दी, जिसमें वर्कशॉप मैनेजर राजेश यादव और उनकी पत्नी उर्मिला की मौत हो गई। दोनों परिवार मथुरा से लौट रहे थे। हादसे में तीन लोग घायल हुए। पुलिस ने कंटेनर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

आगरा एक्सप्रेस वे पर बेकाबू कंटेनर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में चला गया और कार को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कार चला रहे व सरोजनीनगर निवासी वर्कशॉप मैनेजर राजेश यादव (45) और उनकी पत्नी उर्मिला (42) की मौत हो गई। जबकि सरोजनीनगर तहसील बार एसोसिएशन के महामंत्री राजेंद्र यादव, उनकी पत्नी और बेटा घायल हो गए। दोनों परिवार मथुरा में दर्शन करने के बाद घर लौट रहे थे। यह हादसा एक्सप्रेस वे पर रेवरी टोल प्लाजा के पास हुआ। काकोरी पुलिस ने घायलों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। पुलिस ने क्रेन बुलाकर दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर किनारे किया।
सरोजनीनगर के गौरी विहार निवासी तहसील बार एसोसिएशन के महामंत्री राजेन्द्र यादव (45) शनिवार को पत्नी सविता यादव (35), बेटे पार्थ यादव (10), वर्कशॉप मैनेजर दोस्त राजेश यादव और उनकी पत्नी उर्मिला के साथ दर्शन करने मथुरा गए थे। कार राजेश यादव चला रहे थे। बगल में राजेंद्र थे। राजेश के पीछे उनकी पत्नी उर्मिला और सविता एवं पार्थ बैठे थे। रविवार रात मथुरा से वापस आते समय आगरा एक्सप्रेस वे पर रेवरी टोल प्लाजा से करीब एक किमी पहले आगरा की ओर जा रहा कंटेनर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में आ गया और राजेंद्र की कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार सभी पांच लोग घायल हो गए। सूचना पाकर काकोरी पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए लोकबंधु अस्पताल भेजा। वहां डॉक्टर ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल पत्नी उर्मिला और सविता को डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। जहां पर उर्मिला की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।राजेन्द्र यादव और उनके बेटे पार्थ का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद चालक कंटेनर छोड़कर मौके से भाग निकला। काकोरी इंस्पेक्टर ने बताया कि परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कंटेनर चालक की गिरफ्तारी की जाएगी।मौत की सूचना पर परिवार में मच गया हाहाकारशिवम यादव ने बताया कि पिता राजेश यादव नादरगंज स्थित एक कार कंपनी के वर्कशॉप में मैनेजर थे। माता-पिता मथुरा में भगवान कृष्ण के दर्शन करने दोस्त के परिवार संग गए थे। सभी लोग बहुत खुश थे तभी रात में हादसे की सूचना मिली। माता-पिता की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। राजेश के परिवार में दो बेटे शिवम और सत्यम के अलावा बेटी काजल और आंचल है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


