किसान पिता ने जगाया देश भक्ति का जज्बा, अग्निवीर बन कर करेंगे देश की सेवा

Feb 14, 2026 09:09 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, लखनऊ
share

Lucknow News - लखनऊ के एएमसी स्टेडियम में अग्निवीर भर्ती रैली का नौवां दिन था, जहां 758 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। ये युवा विभिन्न पारिवारिक पृष्ठभूमियों से हैं और देश सेवा के जज्बे के साथ आए हैं। रैली में नई तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसमें बैंड का उपयोग किया जा रहा है। यह रैली 16 फरवरी तक चलेगी।

किसान पिता ने जगाया देश भक्ति का जज्बा, अग्निवीर बन कर करेंगे देश की सेवा

लखनऊ, प्रमुख संवाददाता छावनी का एएमसी स्टेडियम बीते कुछ दिनों से युवाओं की मेहनत और अभ्यास की कसौटी बना हुआ है। शनिवार को अग्निवीर भर्ती रैली में देश सेवा का जज्बा लिए आए युवाओं के माथे पर सुबह की सर्द हवा के बीच पसीना और आंखों में सफल होने की चमक दिखी। कोई किसान तो कोई श्रमिक परिवार से है। भर्ती रैली में आए ज्यादातर युवा ऐसे हैं जिन्होंने गरीबी का दर्द झेला लेकिन देश भक्ति का जज्बा कम नहीं हुआ। अग्निवीर बनने का जज्बा लेकर अभ्यास करते रहे। कानपुर देहात के योगेश के पिता किसान हैं। वह इससे पहले चार बार अग्निवीर भर्ती रैली में शामिल हो चुके हैं।

उन्हें पूरी उम्मीद है कि अबकी बार भर्ती होकर परिवार, समाज व देश का नाम रोशन करेंगे। गोविंद मौर्या चित्रकूट के रहने वाले हैं। वह पिता के साथ खेतीबाड़ी करते हैं। उनके पिता ने ही देश सेवा में जाने का जज्बा पैदा किया। रजनीश चित्रकूट निवासी हैं। वह चौथी बार अग्निवीर बनने के लिए आए थे। कानपुर देहात निवासी सुजीत कुमार शनिवार को दौड़ सहित सभी फिजिकल टेस्ट में पास हुए। उन्होंने बताया कि उनके पिता की पंक्चर की दुकान है। जिस पर वह खुद भी बैठते हैं। पंचर बनाते हैं। जीविकोपार्जन का जुगाड़ करते हैं। बचे समय में पढ़ाई व सेना में जाने के लिए अभ्यास किया। अग्निवीर भर्ती रैली का नौवां दिन, 758 अभ्यर्थियों ने दिखाया दमखम सुबह सात बजे दौड़ का इशारा मिलते ही युवाओं ने पूरी ताकत झोंक दी। युवाओं ने लॉन्ग, हाई जंप, जिगजैग, चिनअप्स आदि में भी अपनी ताकत का परिचय दिया। एएमसी स्टेडियम में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली के नौंवे दिन शनिवार को गोंडा जिले के तहत गोंडा, तरबगंज, मनकापुर और कर्नलगंज तथा बांदा जिले के बांदा, बबेरू, अतर्रा, नरैनी और पैलानी तहसीलों के अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। अग्निवीर जनरल ड्यूटी(जीडी) श्रेणी के लिए कुल 1022 अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया था, जिसमें 758 ने हिस्सा लिया। रैली में शामिल होने वाले युवाओं के लिए स्टेडियम के बाहर नगर निगम की ओर से रैनबसेरा बनाया गया है। साथ ही पेयजल आदि की व्यवस्‍था की गई है। रविवार को अग्निवीर जनरल ड्यूटी(जीडी) श्रेणी के लिए भर्ती कार्यालय(एआरओ) लखनऊ के तहत उत्तर प्रदेश के कन्नौज के अंतर्गत छिबरामऊ, कन्नौज, तिर्वा और हसेरन और महोबा जिले के अंतर्गत कुलपहाड़, चरखारी और महोबा की तहसीलों के लिए भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। कर्नल अजय पटियाल ने बताया कि भर्ती रैली छह को शुरू हुई थी। यह 16 फरवरी तक चलेगी। इसके बाद 18 को उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड की अभ्यर्थियों के लिए महिला मिलिट्री पुलिस की भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि रैली में प्रदेश के 13 जिलों के 12300 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। बदल गया फॉर्मेट, बैंड में दर्ज हो रहा विवरण जोनल भर्ती अधिकारी मेजर जनरल मनीष कुमार ने बताया कि अग्निवीर भर्ती रैली का फॉर्मेट अब बदल गया है। तकनीकी ने जगह ले ली है। पहले रैली में एडमिट कार्ड लेकर अभ्यर्थियों को दौड़ लगानी पड़ती थी। अब उसकी जगह बैंड हाथ पर बांधा जाता है, जिसमें उनका पूरा विवरण रहता है। इतना ही नहीं रैलियों में अभ्यर्थियों के शरीर पर मुहर लगाई जाती थी, जिसमें ऊंचाई, वजन आदि का विवरण रहता था। लेकिन बैंड की वजह से अब ऐसा नहीं करना पड़ रहा। आने वाले समय में आरएफआईडी बैंड दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त याद के तौर पर अभ्यर्थियों को टीशर्ट जा रही हैं, जिससे उनका जज्बा हाई रहे। भर्ती रैली में पारदर्शिता बनी रहे, इसके लिए कमांड कंट्रोल सेंटर बनाया गया है। सीसीटीवी व कैमरों से पूरी रैली रिकॉर्ड की जा रही है। ताकि ज्यादती की शिकायत होने पर अभ्यर्थियों को वीडियो दिखाए जा सकें। जागरुकता बढ़ाने के लिए मॉडल बनाए गए हैं। इतना ही नहीं डिजिटल वॉच लगाई गई है, जहां दौड़ का पूरा समय लाइव चलता है। इससे अभ्यर्थी यह नहीं कह सकते कि उन्हें दौड़ के लिए कम समय दिया गया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।