ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊनवजात को जन्म देने के बाद किशोरी पिता के साथ सीएचसी से भाग गई 

नवजात को जन्म देने के बाद किशोरी पिता के साथ सीएचसी से भाग गई 

सीएचसी में शुक्रवार सुबह एक नाबालिग ने स्वस्थ कन्या को जन्म दिया। जन्म देने के बाद पिता के साथ आई किशोरी मौके का फायदा उठाकर चुपचाप भाग गई। नवजात को अस्पताल में तीन स्टाफ नर्स और दो दाइयां संभाल रही...

नवजात को जन्म देने के बाद किशोरी पिता के साथ सीएचसी से भाग गई 
हिन्दुस्तान संवाद,रायबरेलीFri, 26 Jan 2018 07:29 PM
ऐप पर पढ़ें

सीएचसी में शुक्रवार सुबह एक नाबालिग ने स्वस्थ कन्या को जन्म दिया। जन्म देने के बाद पिता के साथ आई किशोरी मौके का फायदा उठाकर चुपचाप भाग गई। नवजात को अस्पताल में तीन स्टाफ नर्स और दो दाइयां संभाल रही हैं। मामला फिलहाल अस्पताल और थाना पुलिस के गले की फांस बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार एक गांव का निवासी सुबह 6.50 बजे अपनी लगभग 16 वर्षीय पुत्री को लेकर सीएचसी पहुंचा। वहां पर पिता ने बताया कि बेटी को पेट में दर्द और यूरिन नहीं हो रहा। डॉक्टर शेखर श्रीवास्तव और फार्मासिस्ट सुनील कुमार ने उसको देखा। शंका होने पर स्टाफ नर्स सीमा मौर्य को बुलाया गया। सीमा ने बताया कि पेशेंट को प्रसव पीड़ा का दर्द हो रहा है। उसे लेबर रूम में ले जाया गया। सुबह 7:30 बजे नार्मल डिलीवरी से लगभग ढाई किलो वजन की कन्या का जन्म हुआ। लेबर रूम से किशोरी को महिला वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। जबकि नवजात को रेडिएंट फार्मर पर रखा गया। लगभग आधे घंटे बाद किशोरी अपने पिता के साथ सीएचसी से नवजात को छोड़ कर चुपचाप भाग गयी। उसके भागने पर अस्पताल में हड़कंप मच गया। स्टाफ नर्स सीमा मौर्य, नीलम व संगीता यादव और दाई ममता व कमला उसकी देखभाल कर रही हैं। 
बच्चे को जन्म देने वाली किशोरी अविवाहित बताई जा रही है। वह अपने पिता और एक लड़के के साथ बाइक से सुबह अस्पताल आई थी। सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर राजेश गौतम ने बताया कि थाने को मेमो भेज कर पुलिस को घटनाक्रम से अवगत कराया गया है। विभागीय अधिकारियों को भी जानकारी दी गई है। परिजनों के द्वारा नवजात को नहीं लिये जाने पर उसे आवश्यक लिखा-पढ़ी करके अनाथालय भेजे जाने के अलावा फिलहाल और कोई रास्ता नहीं है। सूचना मिलने के बाद पुलिस संबंधित गांव में किशोरी और उसके पिता से मिलने घर और सीएचसी पहुंची। पुलिस का कहना है कि जांच पड़ताल चल रही है।

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें