बुद्ध पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर मनकामेश्वर घाट पर हुई आरती
लखनऊ। संवाददाता डालीगंज स्थित मनकामेश्वर मठ मंदिर की ओर से बुद्ध पूर्णिमा की...

लखनऊ। संवाददाता
डालीगंज स्थित मनकामेश्वर मठ मंदिर की ओर से बुद्ध पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर रविवार को मनकामेश्वर घाट उपवन में मां गोमती की आरती उतारी गई। घंटे घड़ियाल, डमरू और शंखनाद से घाट परिसर गूंज उठा। घाट पर स्थापित मां गोमती की मूर्ति का पूजन करने के बाद श्रीमहंत देव्यागिरि ने महा आरती की। महंत देव्यागिरि ने कहा कि बुद्ध पूर्णिमा महापर्व है। वैशाख पूर्णिमा के दिन गौतम बुद्ध का नेपाल के लुंबिनी में जन्म हुआ था। वैशाख पूर्णिमा पर ही उन्हें बोधगया में बुद्धत्व प्राप्ति हुआ था। वैशाख पूर्णिमा पर ही कुशीनगर में महापरिनिर्वाण हुआ था। इसलिए इसे त्रिविध पावनी जयंती भी कहते हैं। उन्होंने कहा कि विश्व को वर्तमान में भगवान बुद्ध द्वारा प्रदत्त अहिंसा के संदेश की परम आवश्यकता है। ऐसे में सबके लिए संरक्षण और प्रेम जरूरी है। इस क्रम में सोमवार महंत देव्यागिरि द्वारा कला एवं शिल्प महाविद्यालय प्रवेश द्वार पर स्थित भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।