
राष्ट्रीय स्कूल एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभंकर होगा ‘सिंघा’
संक्षेप: Lucknow News - लखनऊ, प्रमुख संवाददाता। आगामी 13 से 17 दिसम्बर तक राजधानी लखनऊ में स्कूल गेम्स फेडरेशन
लखनऊ, प्रमुख संवाददाता आगामी 13 से 17 दिसम्बर तक लखनऊ में स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इण्डिया द्वारा आयोजित होने जा रहे 69वीं राष्ट्रीय स्कूल प्रतियोगिता (अन्डर-17) बालक/बालिकाओं की एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2025 का शुभंकर ‘सिंघा’ को बनाया गया है। सोमवार को माध्यमिक शिक्षा सचिव चन्द्र भूषण सिंह ने शुभंकर, प्रतीक चिन्ह एवं ट्राफी का अनावरण किया। इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि यह प्रतियोगिता राजधानी के कुर्सी रोड स्थित गुरू गोविन्द सिंह स्पोर्ट्स कालेज में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में 19 इवेंट यथा-दौड़, बाधा दौड़, ऊंची कूद, त्रिकूद, पोल वाल्ट, डिस्कस थ्रो, हैमर थ्रो, जैवलिन थ्रो, गोला फेंक, पैदल चाल, रिले दौड़ विशेष एथलेटिक्स खेल के आकर्षण रहेंगे, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।

उन्होंने कहा कि स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इण्डिया द्वारा लखनऊ को दूसरी बार अन्डर 17 आयु वर्ग बालक/बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन कराने का दायित्व सौंपा गया है। इस प्रतियोगिता में देश के सभी राज्यों, केन्द्र शासित प्रदेशों तथा कतिपय संगठनों, सोसाइटी सहित कुल 44 इकाइयों की टीमों के लगभग 3950 बालक-बालिका, कोच एवं टीम प्रबंधक आदि भाग लेंगे। प्रतियोगिता के निर्णायक मण्डल में एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इण्डिया द्वारा नामित 20 खेल विशेषज्ञ तथा राज्य के एथलेटिक्स क्षेत्र में सेवाएं प्रदान करने वाले 35 खेल विशेषज्ञ भी सम्मिलित होंगे। प्रतियोगिता में शामिल हो रहे बालक-बालिकाओं के द्वारा 100 मीटर से लेकर 3000 मीटर दौड़, बाधा दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला क्षेपण तथा रिले दौड़ सहित कुल 19 इवेन्ट्स में प्रतिभाग किया जाएगा। समस्त प्रतियोगिताए अंतर्राष्ट्रीय मानक के अनुरूप आयोजित की जाएंगी और निर्णय की पारदर्शिता के लिए साइंटिफिक इलेक्ट्रानिक उपकरण की व्यवस्था भी रहेगी। 24 घंटे काम करेगा कंट्रोल रूम आयोजन की सुचारू व्यवस्था के लिए, वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में 24 घंटे सक्रिय रहने वाला कन्ट्रोल रूम स्थापित किया गया है। प्रतिभागियों की सुरक्षित यात्रा, आवागमन और आवास सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक यूनिट के लिए पृथक-पृथक कुल 44 लायजनिंग ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं। साथ ही, यातायात और सुरक्षा के लिए पुलिस बल, 24 घंटे मेडिकल टीम, भोजन/नाश्ते की व्यवस्था तथा नगर निगम के सहयोग से साफ-सफाई, फॉगिंग, पेयजल और सचल शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। ओलम्पियन, एशियाड एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता खिलाड़ी देंगे पदक खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने के लिए प्रत्येक दिवस ओलम्पियन, एशियाड, अर्जुन पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ियों के माध्यम से पदक प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता में डोप टेस्ट की नियमित जांच राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेन्सी (नाडा) के माध्यम से की जाएगी। साथ ही, प्रतिभागियों को लखनऊ के ऐतिहासिक, प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों का निःशुल्क भ्रमण भी कराया जाएगा। प्रतियोगिता के सफल समापन पर विजेता खिलाड़ियों को पदक/ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र/प्रशस्ति पत्र द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




