ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊअवैध फैक्ट्री से 650 टिन नकली सरसों तेल बरामद

अवैध फैक्ट्री से 650 टिन नकली सरसों तेल बरामद

बहराइच-रामगांव रोड पर मोहम्मद नगर में सरसों तेल की अवैध फैक्ट्री पकड़ी गई। इस फैक्ट्री में केमिकल मिलाकर बड़े पैमाने पर नकली सरसों तेल बनाने का खेल चल रहा था। खाद्य विभाग की छापेमारी में 650 टिन नकली...

अवैध फैक्ट्री से 650 टिन नकली सरसों तेल बरामद
हिन्दुस्तान संवाद,बहराइचFri, 12 Jan 2018 05:51 PM
ऐप पर पढ़ें

बहराइच-रामगांव रोड पर मोहम्मद नगर में सरसों तेल की अवैध फैक्ट्री पकड़ी गई। इस फैक्ट्री में केमिकल मिलाकर बड़े पैमाने पर नकली सरसों तेल बनाने का खेल चल रहा था। खाद्य विभाग की छापेमारी में 650 टिन नकली तेल, पॉमोलिन व केमिकल भी बरामद किया है। तीन सैंपल भरकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। संचालक पर केस व गोदाम को सीज कर दिया गया है। 
रामगांव थाना क्षेत्र के मोहमदपुर में सलीम एण्ड संस ऑयल फैक्ट्री का संचालन कोतवाली शहर के मोहल्ला नाजिरपुरा निवासी शमीम अहमद कर रहा था। इस फैक्ट्री में नकली सरसों तेल तैयार कर विभिन्न ब्रांडों के नाम से थोक व फुटकर दुकानों पर आपूर्ति की सूचना शुक्रवार को सुबह मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी को मिली। सीएफएसओ ने तत्काल अधीनस्थों के साथ फैक्ट्री पर छापेमारी की। यहां नकली सरसों तेल का खेल चल रहा था। टीम के पहुंचते ही फैक्ट्री में भगदड़ मच गई। यहां 632 टिन नकली सरसों तेल, 14 टीन पॉमोलिन व भारी मात्रा में तेल में मिलाने वाला केमिकल बरामद किया गया है। 
बरामद टिन पर न तो निर्माण की तिथि दर्ज पायी गई और न ही अन्य सूचना ही दर्ज मिली। पॉमोलिन, केमिकल व मिलावटी सरसों के सैंपल भरे गए हैं। जिन्हें जांच के लिए भेज दिया गया है। सीएफएसओ की जांच में बगैर लाइसेंस के फैक्ट्री संचालन का भी भंड़ाफोड़ हुआ है। शुरुआती जांच में संचालक नकली ऑयल को केमिकल के जरिए असली बनाकर मोटी रकम कमाने के लिए अरसे से यह खेल कर रहे थे। फैक्ट्री से बरामद नकली ऑयल की कीमत नौ लाख रुपए आंकी गई है। फैक्ट्री को सीज कर दिया गया है। सूचना पाकर सीओ महसी, एसओ रामगांव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। संचालक के विरुद्ध पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। 
12 कम्पनियों के बरामद हुए रैपर : छापेमारी के दौरान संचालक के कई काले कारनामों का भी खुलासा हुआ है। ब्रांडेड कम्पनियों के रैपर लगाकर नकली सरसों तेल बाजार में आपूर्ति कर रहे थे। सीएफएसओ के मुताबिक 12 कम्पनियों के रैपर मिले हैं। इनमें गंगाधाम, माईसन, दीप, गोकुल, ईगल, डायमण्ड, फैमिली च्वाइस, ज्योति व सुपर स्वाद कम्पनियों के रैपर मिले हैं। 
बनारस व अमेठी में प्रोडक्शन की लगाते थे स्लिप : जांच में इस बात की पुष्टि हुई कि संचालक वाराणसी एबी एण्ड संस व छत्रपति साहू जी महराज अमेठी के सूर्या इण्डस्ट्रीज का ऑयल उत्पादन दिखाकर मार्केट में तेल आपूर्ति कर रहे हैं। सीएफएसओ ने वाराणसी व अमेठी में संचालित इन कम्पनियों से सम्पर्क साधा है। जिससे गठजोड़ की हकीकत सामने आ सके। 
नकली तेल मिला 
अवैध फैक्ट्री पकड़ी गई है। नौ लाख रुपए का नकली तेल बरामद हुआ है। कई ब्रांडेड कम्पनियों के नाम से मार्केट में इस तेल की आपूर्ति कर रहे थे। नमूना जांच के लिए भेजा गया है। फैक्ट्री सीज करा दी गई है। 
-कौशलेन्द्र शर्मा, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी, बहराइच  

 

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें