ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊ25 नवम्बर को लखनऊ से 40 हजार लोग पहुंचेंगे अयोध्या

25 नवम्बर को लखनऊ से 40 हजार लोग पहुंचेंगे अयोध्या

विश्व हिन्दू परिषद(विहिप) ने अयोध्या में 25 नवम्बर को श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर निर्माण के संकल्प के लिये होने वाली धर्मसभा में लखनऊ से 40 हजार स्व्यंसेवकों को पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।...

25 नवम्बर को लखनऊ से 40 हजार लोग पहुंचेंगे अयोध्या
पल्लव शर्मा,लखनऊ।  Fri, 16 Nov 2018 02:13 PM
ऐप पर पढ़ें

विश्व हिन्दू परिषद(विहिप) ने अयोध्या में 25 नवम्बर को श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर निर्माण के संकल्प के लिये होने वाली धर्मसभा में लखनऊ से 40 हजार स्व्यंसेवकों को पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। संगठन ने इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिये पूरी ताकत झोंक दी है। इस संख्या में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के विचार परिवार से जुड़े कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में शामिल हैं। हाल में बजरंग दल के भर्ती अभियान में जुड़े युवा कार्यकर्ताओं में भी अयोध्या पहुंचने के लिये काफी जोश है। गठन के पदाधिकारियों के मुताबिक लक्ष्य को प्राप्त करने के बाबत खंड और प्रखंड स्तर पर आरएसएस के सभी संगठनों के साथ बैठकें हो रही हैं। संगठन की रचना के हिसाब से राजधानी को 40 नगरों में बांटा गया है और सभी नगर से एक-एक हजार की संख्या को अयोध्या ले चलने का लक्ष्य दिया गया है। 
विहिप धर्मगुरुओं और संतों से भी कर रहा सम्पर्क
शहर के सभी धर्माचार्यों और संतों से सम्पर्क कर इस धर्मसभा में पहुंचने की अपील की जा रही है। इस पूरे काम की निगरानी विहिप के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अम्बरीश, प्रांत संगठन मंत्री भोलेन्द रखे हुए हैं। इनका प्रवास प्रत्येक संगठन की बैठकों में हो रहा है। संगठन के पदाधिकारियों का दावा है कि बड़ी संख्या में बजरंग दल से हाल में जुड़े युवा कार्यकर्ता भी अयोध्या में पहुंचने की तैयारी में जुट गये हैं। बताया जा रहा है कुछ समय पहले बजरंग दल ने त्रिशूल दीक्षा और भर्ती अभियान चलाया था। जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का जुड़ाव संगठन से हुआ है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये फैजाबाद के चारों ओर 150 किमी के अंदर आने वाले जिलों को कार्यक्रम में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं का लक्ष्य बांटा गया है। जिसमें सबसे बड़ी जिम्मेदारी लखनऊ को मिली है। 

कारसेवकपुरम में विहिप का स्थाई कार्यालय शुरू
विहिप के पदाधिकारियों के मुताबिक दो दिन पहले कार्यक्रम के मद्देनजर सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिये स्थाई कार्यालय भी खोल दिया गया है। कार्यक्रम के दो दिन पहले से यहां क्षेत्रीय संगठन मंत्री और प्रांत संगठन मंत्री समेत सभी वरिष्ठ पदाधिकारी व्यवस्थाओं को सुचारू करने के लिये मौजूद हो जायेंगे। 

अयोध्या जाने वाले प्रवेश मार्गों पर भोजन पैकेट की व्यवस्था रहेगी
पदाधिकारियों के मुताबिक अयोध्या में बड़ी संख्या पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। लक्ष्य एक लाख का दिया गया है लेकिन तैयारी दो लाख लोगों के पहुंचने की हो रही है। इसको देखते हुए संगठन ने अपने परिवारों से भोजन पैकेट बनवाने की व्यवस्था की है। इन भोजन पैकेटों को इकट्ठा करे सभी जिलों के लोग अयोध्या जाने वाले प्रवेश मार्ग पर कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को वितरित करेंगे। वैसे कार्यक्रम में जाने वालों से यह कहा गया है कि वो अपना भोजन पैकेट और पानी की व्यवस्था स्वयं भी करके चलें।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें