चारबाग स्टेशन से तीन साल की बच्ची का अपहरण, डेढ़ महीने बाद दर्ज हुआ केस
Lucknow News - चारबाग स्टेशन पर एक परिवार की तीन साल की बच्ची का अपहरण हो गया। बच्ची की खोजबीन के दौरान परिवार ने कानपुर घंटाघर और जौनपुर में प्रयास किए, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस ने जांच शुरू की है और बच्ची की बरामदगी के लिए टीमें लगाई गई हैं।

चारबाग स्टेशन पर बड़ी लाइन के पास सो रहे एक परिवार की चार दिसंबर की रात तीन साल की एक बच्ची का अपहरण हो गया। सूचना पर परिवारीजन खोजबीन करते कानपुर घंटाघर पहुंचे। बच्ची का कुछ पता नहीं चला। जीआरपी में शिकायत की तो कोई सुनवाई नहीं हुई। बच्ची के न मिलने पर परिवारीजन थक हार कर गृह जनपद जौनपुर चले गए। डाक से उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर जानकारी दी। इसके बाद हुसैनगंज पुलिस की एक टीम जौनपुर पहुंची। परिवारीजनों ने तहरीर लेकर 21 जनवरी को मुकदमा दर्ज कर लिया।
बच्ची के पिता राजेश जौनपुर मछली शहर के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि वह यहां पत्नी वीना और तीन साल की बेटी रितिका के साथ चारबाग बड़ी लाइन पानी की टंकी के पास रहते थे। राजेश के मुताबिक चार दिंसबर की रात वह परिवार के साथ सोए थे। इस बीच कोई बच्ची को उठा ले गया। पत्नी की तीन बजे आंख खुली तो बच्ची गायब थी। बच्ची की खोजबीन करते रहे। कुछ पता नहीं चला। घटना की जानकारी जीआरपी को दी तो कोई सुनवाई करने के बजाए टरका दिया। अगले दिन एनजीओ से जुड़ी एक महिला मिली। उसने बतााय कि एक बच्ची कानपुर में उनकी संस्था से जुड़े एक व्यक्ति को मिली है। वहां जाकर देख लें। बच्ची की खोजबीन करते कानपुर घंटाघर पहुंचे। वहां पर जो बच्ची मिली वह बेटी नहीं थी।
काफी तलाश के बाद जब बच्ची नहीं मिली तो परिवारीजन जौनपुर मछलीशहर स्थित गृह जनपद चले गए। वहां से डाक के जरिए एक प्रार्थनापत्र पुलिस के उच्चाधिकारियों को भेजा। जांच हुसैनगंज पुलिस को मिली। हुसैनगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। थाना प्रभारी हुसैनगंज शिवमंगल सिंह ने बताया कि बच्ची की खोजबीन में दो टीमें लगाई गई हैं। सीसी फुटेज खंगाले जा रहे हैं इसके अलावा मुखबिरों का तंत्र भी सक्रिय किया गया है। जल्द ही बच्ची को बरामद किया जाएगा।
थाना प्रभारी हुसैनगंज शिवमंगल सिंह ने बताया कि प्रार्थनापत्र पर दिए गए बच्ची के पिता के नंबर फोन किया तो वह स्विच ऑफ मिला। इसके बाद उन्होंने एक पुलिस टीम बच्ची के गृह जनपद घर भेजी। वहां परिवारीजन नहीं मिले। आस पड़ोस के लोगों से पूछताछ में पता चला कि बच्ची के परिवारीजन घुमंतू प्रजाति के हैं। उनके रिश्तेदार को मोबाइल नंबर दिया गया और संपर्क करने को कहा गया। बच्ची के परिवारीजन 21 जनवरी को थाने पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ बच्ची के अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया। बच्ची की तलाश की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



