ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊतिहरे हत्याकांड में 11 गैंगस्टर अभियुक्तों को उम्रकैद

तिहरे हत्याकांड में 11 गैंगस्टर अभियुक्तों को उम्रकैद

महराजगंज क्षेत्र में 24 बीघा भूमि पर कब्जेदारी विवाद की रंजिश को लेकर अशोक पाण्डेय व बहनोई सुखदेव पाठक समेत तीन लोगों की नृशंस हत्या कर आधा दर्जन पर जानलेवा हमला करने के बहुचर्चित मामले में 11...

तिहरे हत्याकांड में 11 गैंगस्टर अभियुक्तों को उम्रकैद
विधि संवाद,फैजाबाद Tue, 14 Aug 2018 08:10 PM
ऐप पर पढ़ें

महराजगंज क्षेत्र में 24 बीघा भूमि पर कब्जेदारी विवाद की रंजिश को लेकर अशोक पाण्डेय व बहनोई सुखदेव पाठक समेत तीन लोगों की नृशंस हत्या कर आधा दर्जन पर जानलेवा हमला करने के बहुचर्चित मामले में 11 गैंगस्टर अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा से दण्डित किया गया। साथ ही 23 साल के कठोर कारावास की सजा में दी गई।इसके अलावा प्रत्येक गैंगस्टर अभियुक्त पर 40 हजार रुपये जुर्माना किया गया।
यह फैसला विशेष गैंगस्टर न्यायाधीश भूदेव गौतम ने मंगलवार को सुनाया है। इसके पश्चात 11 गैंगस्टर अभियुक्तों अलगू यादव, रमेश सिंह, मोती यादव, जगदेव केवट, लाला यादव, राम बुझारत पासी, राम कुबेर, रामजग यादव, बाढ़ू यादव, सतीश यादव व नाहर यादव को न्यायिक हिरासत में लेकर कड़ी सुरक्षा के बीच जेल भेज दिया गया। मामले में सुनवाई के दौरान तिहरे हत्याकांड के मुख्य गैंगस्टर अभियुक्त रामराज यादव की मृत्यु हो गई थी। सभी गैंगस्टर अभियुक्त जिले के महराजगंज थाना क्षेत्र के मूसाडीहा गांव के हैं। मामला महराजगंज थाना क्षेत्र का आठ साल पूर्व वर्ष 2010 का है। 12 बीघा भूमि बस्ती जनपद के छावनी थाना क्षेत्र व 12 बीघा भूमि महराजगंज थाना क्षेत्र में स्थित है।
अभियोजन पक्ष के अनुसार महराजगंज थाना क्षेत्र निवासी वादी मुकदमा रामफूल पाण्डेय के पिता रामलखन पाण्डेय के नाम 12 बीघा जमीन का पट्टा 40 साल पूर्व चन्द्रभान सिंह ने दिया। इसके अलावा ग्राम प्रधान भुलई ने भी 12 बीघा भूमि का पट्टा दिया था। यह भूमि बस्ती के छावनी थाना क्षेत्र के मूडाडीहा गांव में है। इन लोगों को यह भूमि अभी तक नहीं मिल सकी थी। थोड़ी जमीन पर खेती- बारी करके गुजर-बसर करते थे। इस 24 बीघा जमीन परकब्जा नहीं ले पाए। इस पार की 12 बीघा जमीन बाढ़ में चली गई। इस जमीन को बस्ती व फैजाबाद के लेखपाल ने नाप जोख कर दे दिया था।  28 अक्तूबर 2010 को वादी के बड़े भाई अशोक पाण्डेय व रिश्तेदारों शेष चन्द पाठक, सुखदेव पाठक, ज्ञानधर पाठक, शिव कुमार पाठक, हरिओम पाठक बस्ती जाकर कसेहरी काट रहे थे। तभी रामराज यादव अपने साथी रमेश सिंह समेत 12 लोगों के साथ लाठी-डण्डा, फरसा लेकर नाव से उस पार पहुंचे। कसेहरी काटने के दौरान कहासुनी के बीच रामराज यादव व उनके साथियों ने हमला कर दिया। इसके बाद हमलावरों ने अशोक पाण्डेय, बहनोई सुखदेव पाठक व भांजे ज्ञानधर पाठक को मौत के घाट उतार दिया। वहीं जानलेवा हमले में शेष चन्द्र पाठक समेत चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इसके बाद सभी को नाव में बांधकर नदी में छोड़ दिया गया। घटना की रिपोर्ट रामफूल पाण्डेय की तहरीर पर 12 हत्याभियुक्तों के खिलाफ थाना महराजगंज में अपराध संख्या 913/10 के अन्तर्गत हत्या, जानलेवा हमला समेत अन्य गंभीर अपराधों में दर्ज हुई।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें