ग्रामीण पर्यटन सर्किट से जुड़ेंगे लखनऊ, प्रयागराज काशी, आगरा और बुंदेलखंड, योगी सरकार की पहल
लखनऊ, प्रयागराज, काशी, आगरा और बुंदेलखंड ग्रामीण पर्यटन सर्किट से जुड़ेंगे। योगी सरकार ने ग्रामीण पयर्टन को लेकर बड़ी पहल की है। गांवों की मूर्त-अमूर्त विरासत का संरक्षण, स्थानीय कौशल और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने की तैयारी है।

योगी सरकार ने ग्रामीण पयर्टन को लेकर बड़ी पहल की है। गांव की खूबी को उजागर करके ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नीतिगत ढांचा बनाने की तैयारी शुरू हो गई है, जिसका उद्देश्य विदेशी पर्यटकों को भी गांवों की ओर लुभाना है। पर्यटकों को ग्रामीण क्षेत्रों की संस्कृति, परंपराएं, हस्तशिल्प, लोककला और प्राकृतिक सौंदर्य को खुबसूरत तरीके से पेश किया जाएगा। इसके लिए उप्र ग्रामीण पर्यटन सर्किट तैयार की जा रही है। इसमें लखनऊ, बनारस, आगरा, प्रयागराज और बुंदेलखंड शामिल है। जहां गांवों की मूर्त-अमूर्त विरासत का संरक्षण, स्थानीय कौशल और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने की तैयारी है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के निर्देशन में ग्रामीण पर्यटन को लेकर सभी पहलुओं पर तैयारी है। सोशल मीडिया कैंपेन, डिजिटल स्टोरी टेलिंग, गांवों की अनूठी पहचान को उजागर करने वाले वीडियो विदेशी पर्यटकों तक पहुंच बनाएंगे। ताकि पर्यटक ग्रामीण जीवन का अनुभव ले सकें। लेकिन गांवों की परंपराएं, जीवनशैली और सामाजिक मर्यादा सुरक्षित रहें। जरूरत से ज्यादा भीड़ न पहुंचे और गांवों के पर्यावरण पर दबाव न पड़े, इसके लिए पर्यटक संख्या को नियंत्रित रखने, डिजिटल निगरानी अपनाने पर काम हो रहा है।
234 गांव में महिलाबाद और कल्ली पश्चिम भी शामिल
ग्रामीण पर्यटन को विकसित करने के लिए प्रदेश भर में 234 गांव चिन्हित किए गए हैं। इनमें लखनऊ का कल्ली पश्चिम और मलिहाबाद क्षेत्र भी शामिल है। कल्ली पश्चिम में हुलासखेड़ा को ग्रामीण पर्यटन स्थल बनाएंगे। जबकि मलिहाबाद को विश्व प्रसिद्ध दशहरी आम, समृद्ध बागवानी परंपरा, ऐतिहासिक महत्व और सांस्कृतिक विरासत है। यह मुगलों के समय से ही बागवानी का केंद्र रहा है, जहां हाथी आम भी उगाए जाते है। यहां पर मलिहाबाद किला और अन्य ऐतिहासिक स्थल को ग्रामीण पर्यटन घोषित करने की तैयारी है।
लेखक के बारे में
Deep Pandeyदीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी टीम में हैं। दीप का डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव है। यूपी के लखनऊ और वाराणसी समेत कई जिलों में पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखने का शौक है। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए हैं। सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं।
और पढ़ें

