लखनऊ नगर निगम का बड़ा अभियान; घर-घर पहुंची टीम, कई भवन सील, लाखों की वसूली

Jan 09, 2026 07:01 pm ISTDinesh Rathour लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
share Share
Follow Us on

लखनऊ नगर निगम के नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को नगर निगम लखनऊ द्वारा गृह कर वसूली को लेकर शहर के विभिन्न जोनों में घर-घर अभियान चलाया जा रहा है।

लखनऊ नगर निगम का बड़ा अभियान; घर-घर पहुंची टीम, कई भवन सील, लाखों की वसूली

लखनऊ में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। यहां बकएादारों के घर पहुंचकर टीम ने उनसे वसूली की। इसके अलावा कई इलाकों में मकानों पर सीलिंग भी की गई। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को नगर निगम लखनऊ द्वारा गृह कर वसूली को लेकर शहर के विभिन्न जोनों में घर-घर अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत गृह कर जमा न करने वाले भवन स्वामियों के विरुद्ध सीलिंग और कुर्की की प्रभावी कार्रवाई भी की जा रही है। शुक्रवार को जोन-1 और जोन-8 में चलाए गए अभियानों में नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई भवनों को सील किया और मौके पर ही लाखों रुपये की वसूली भी की।

जोन-1 के अंतर्गत जे.सी. बोस वार्ड क्षेत्र में गृह कर बकाया न जमा करने पर भवन संख्या 47/057, विधानसभा मार्ग पर स्थित एक व्यावसायिक भवन को सील किया गया। यह भवन अतुल चरण व अन्य के नाम दर्ज है, जिसमें स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखाएं संचालित हैं। इस भवन पर कुल बकाया गृह कर की राशि 16,27,147 रुपये थी। सीलिंग की कार्रवाई के पश्चात भवन स्वामी द्वारा तत्काल 4,00,000 रुपये नगर निगम में जमा किए गए, साथ ही 4,00,000 रुपये का अग्रिम तिथि का चेक भी निगम को प्रदान किया गया। इसी जोन 1 में एक अन्य कार्रवाई के तहत फरीदा इकबाल के नाम दर्ज भवन संख्या 118/088-वी, कैंट रोड को भी गृह कर बकाया 4,29,695 रुपये का भुगतान न किए जाने के कारण सील किया गया। इस वसूली अभियान में जोनल अधिकारी अनुराग उपाध्याय, कर अधीक्षक संजय सिंह, राजस्व निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह सहित कर विभाग की टीम मौजूद रही।

मकान के अलावा प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई

दूसरी ओर, जोन-8 में गृह कर बकायेदारों के खिलाफ कुर्की एवं सीलिंग का व्यापक अभियान चलाया गया। जोनल अधिकारी जोन-8 के नेतृत्व में वार्ड राजा बिजली पासी प्रथम क्षेत्र में कुल पांच भवनों एवं प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई। इनमें भवन संख्या G-123 (फेज-III), C-66, C-003B, E-93 (फेज-1) और F-227 शामिल हैं। इन सभी भवनों पर कुल बकाया गृह कर की राशि लगभग 58 लाख रुपये से अधिक थी। कुर्की की कार्रवाई के दौरान मौके पर ही दो भवनों से कुल 8,40,562 रुपये की वसूली नगर निगम कोष में कराई गई। यह भुगतान भवन संख्या G-123 (फेज-III) से 3,40,533 रुपये तथा भवन संख्या C-66 से 5,00,029 रुपये के रूप में प्राप्त हुआ। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि गृह कर नगर निगम की प्रमुख आय का स्रोत है और इसके माध्यम से ही शहर की सफाई, सड़क, प्रकाश एवं अन्य नागरिक सुविधाओं का संचालन किया जाता है। इसलिए बकाया गृह कर जमा न करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Dinesh Rathour

लेखक के बारे में

Dinesh Rathour

दिनेश राठौर लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पिछले आठ सालों से काम कर रहे हैं। वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। कानपुर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। पत्रकारिता में 13 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश की डिजिटल मीडिया और प्रिंट जर्नलिज्म में अलग पहचान है। इससे पहले लंबे समय तक प्रिंट में डेस्क पर भी काम किया है। कुछ सालों तक ब्यूरो में भी रहे हैं। यूपी और राजस्थान के सीकर जिले में भी पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ सोशल, क्राइम की खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। वायरल वीडियो की फैक्ट चेकिंग में दिनेश को महारत हासिल है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |