लापरवाही पर नगर निगम का बड़ा ऐक्शन, जीएम और चीफ इंजीनियर समेत कई अफसरों को नोटिस

लाइव हिन्दुस्तान
share

यूपी की राजधानी लखनऊ में नगर निगम ने लापरवाही पर ऐक्शन लिया है। नगर निगम ने जीएम और चीफ इंजीनियर समेत कई अफसरों को नोटिस जारी किया। इन अधिकारियों से जवाब मांगा गया है।

Lucknow Nagar Nigam
लखनऊ में नगर निगम ने लापरवाही पर ऐक्शन लिया है। नगर निगम ने जीएम और चीफ इंजीनियर समेत कई अफसरों को नोटिस जारी किया।

यूपी की राजधानी लखनऊ में नगर निगम की विकास परियोजनाओं में लगातार देरी और लापरवाही पर नगर आयुक्त ने बड़ा प्रशासनिक ऐक्शन लिया है। इ 15वें वित्त आयोग, अमृत योजना 2.0, अवस्थापना निधि, वायु गुणवत्ता सुधार और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट से जुड़े कार्यों की समीक्षा में कई परियोजनाएं अधूरी और लक्ष्य से काफी पीछे मिलीं। इसके बाद नगर आयुक्त ने जलकल के जीएम, एक चीफ इंजीनियर और संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर जवाब मांगा है।

समीक्षा में सामने आईं गंभीर खामियां

19 सितंबर को हुई समीक्षा बैठक में पाया गया कि कई महत्वपूर्ण कार्यों में बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद अपेक्षित प्रगति नहीं हुई। इसके चलते 26 सितंबर को जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर शासन को अनुशासनिक कार्रवाई की संस्तुति भेजी जाएगी।

किस अधिकारी पर क्या आरोप

-मुख्य अभियन्ता (विद्युत) मनोज कुमार प्रभात के जिम्मे सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए ट्रैक्टर, रोड रोलर और एक्सीवेटर जैसे वाहनों की खरीद तथा वायु गुणवत्ता सुधार के तहत वाटर फाउंटेन लगाने का कार्य था, लेकिन समीक्षा में इन कार्यों की प्रगति असंतोषजनक मिली।

- महाप्रबंधक जलकल कुलदीप सिंह पर 15वें वित्त आयोग के तहत पेयजल आपूर्ति और नलकूप निर्माण कार्यों में अपेक्षित वित्तीय और भौतिक प्रगति नहीं होने का आरोप लगाया गया है।

- पर्यावरण अभियन्ता संजीव प्रधान के अधीन डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, एमआरएफ स्टेशन, शिवरी वेस्ट प्लांट तथा सार्वजनिक शौचालय निर्माण के कार्य लक्ष्य के अनुरूप नहीं मिले। काम में बहुत लापरवाही मिली।

- उद्यान अधीक्षक शशिकांत द्वारा मियावाकी पौधारोपण, पार्कों के सौंदर्यीकरण और कालिदास चौराहे पर वर्टिकल गार्डन विकसित करने के कार्य समय पर पूरे नहीं किए गए।

-सहायक अभियन्ता आलोक कुमार श्रीवास्तव पर अमृत योजना के तहत राधा तालाब, प्रेम तालाब और हैबतमऊ झील के सौंदर्यीकरण व जीर्णोद्धार कार्यों में विलंब वा लापरवाही का आरोप है।

- सहायक अभियन्ता झिल्लू राम से सीएसआर फंड से बनने वाले ओपन जिम और अन्य कार्यों में देरी पर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

गलत पीपीटी पर वेतन रोका

कार्रवाई केवल अभियंताओं तक सीमित नहीं रही। समीक्षा बैठक के लिए बजट और भुगतान संबंधी अधूरी एवं त्रुटिपूर्ण पीपीटी तैयार करने पर जोन-1 के द्वितीय श्रेणी लिपिक अनुराग शुक्ला और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी विनय कुमार सिंह यादव का सितंबर माह का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया है। दोनों कर्मचारियों से सात दिन के भीतर जवाब मांगा गया है।

एक नज़र में कार्रवाई

- 15वें वित्त आयोग, अमृत योजना और वायु गुणवत्ता सुधार कार्यों की समीक्षा में मिलीं खामियां।

- सड़क, जलापूर्ति, कूड़ा प्रबंधन, पार्क और झील विकास कार्यों में देरी पर कार्रवाई।

- सात दिन में जवाब नहीं देने या संतोषजनक उत्तर न मिलने पर शासन को संस्तुति की चेतावनी।

- दो कर्मचारियों का वेतन रोका गया, स्पष्टीकरण तलब।

- नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया, जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।अअ

Deep Pandey

लेखक के बारे में

Deep Pandey

दीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी की खबरें करते हैं। डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दीप नरायन पांडेय वरिष्ठ पत्रकार हैं। दीप अब डिजिटल मीडिया के जाने माने नाम बन गए हैं। दीप हिंदी भाषा की डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों को बेहतर समझते हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखते हैं। दीप पाठकों की पसंद को समझने और उसी तरह से न्पूज प्रस्तुत करने में माहिर हैं। दीप सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए दीप नरायन पांडेय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा के रहने वाले हैं। दीप ने पत्रकारिता की शुरुवात लखनऊ से की। टीवी चैनल से करियर का आगाज करने वाले दीप इसके बाद प्रिंट अमर उजाला लखनऊ में भी रहे। हिन्दुस्तान प्रिंट में वाराणसी, गोरखपुर, फिर लखनऊ में कार्य के दौरान विभिन्न जिलों के डेस्क इंचार्ज रहे हैं। यूपी विधानसभा चुनाव 2012, 2017, 2022, लोकसभा चुनाव, पंचायत चुनावों के दौरान बेहतर कवरेज कर चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsलापरवाही पर नगर निगम का बड़ा ऐक्शन, जीएम और चीफ इंजीनियर समेत कई अफसरों को नोटिस