हाउस टैक्स बकाएदारों के खिलाफ कुर्की कैंपेन, लखनऊ नगर निगम ने 19 भवन सील किए

Feb 08, 2026 03:59 pm ISTsandeep हिन्दुस्तान, संवाददाता, लखनऊ
share Share
Follow Us on

लखनऊ नगर निगम ने गृहकर बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाकर जोन-8 में 19 भवन सील किए और करीब 28 लाख रुपये बकाया पाया। 11 भवनों से 9.45 लाख वसूले गए। वहीं अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई में अमीनाबाद क्षेत्र से अवैध वाहन हटाए गए और सामान जब्त किया गया।

हाउस टैक्स बकाएदारों के खिलाफ कुर्की कैंपेन, लखनऊ नगर निगम ने 19 भवन सील किए

लखनऊ के नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर शनिवार को नगर निगम द्वारा जिले में गृहकर बकायेदारों के विरुद्ध सख्त कुर्की अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई जोन-8 क्षेत्र में जोनल अधिकारी के नेतृत्व में की गई, जिसका उद्देश्य बकाया गृहकर की वसूली सुनिश्चित करना और कर अनुपालन को सुदृढ़ करना रहा। अभियान के दौरान वार्ड अटल बिहारी बाजपेई, इब्राहिमपुर द्वितीय और राजा बिजली पासी-1 के अंतर्गत कुल 19 भवनों में सीलिंग की कार्रवाई की गई। इन भवनों पर कुल बकाया गृहकर राशि 27,97,045 रुपये पाई गई। कार्रवाई के दौरान 11 भवनों से 9,45,505 रुपये की धनराशि तत्काल जमा कराई गई, जबकि शेष बकायेदार प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया।

यह समस्त कार्रवाई जोनल अधिकारी जोन-8 विकास सिंह के निर्देशन में संपन्न हुई। अभियान में कर निर्धारण अधिकारी दिव्यांशु पाण्डेय, कर अधीक्षक राम अचल, राजस्व निरीक्षक राजा भैया, अंदलीब जेहरा एवं अनुज गौढ़ सहित ईटीएफ टीम और अन्य संबंधित स्टाफ मौजूद रहा। वहीं शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम लखनऊ ने शनिवार को व्यापक और बहुस्तरीय अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों, नालियों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और निर्बाध यातायात सुविधा उपलब्ध कराना रहा।

नगर निगम जोन-1 क्षेत्र में जोनल अधिकारी जोन-1ओपी सिंह के नेतृत्व में अमीनाबाद थाना प्रभारी, पुलिस प्रशासन एवं प्रवर्तन विभाग की 296 टीम द्वारा सघन अभियान चलाया गया। नगर निगम मुख्यालय से कैम्प कार्यालय होते हुए अमीनाबाद क्षेत्र के चारों ओर क्रेन के माध्यम से अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाया गया। इस दौरान मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित कर रहे वाहनों को केन से उठाया गया तथा एक ट्रक अवैध सामान जब्त किया गया।

नगर निगम जोन-3 क्षेत्र में जोनल अधिकारी आकाश कुमार के निर्देश में 296 टीम के साथ जानकीपुरम योजना, सेक्टर-जे में अभियान चलाया गया। भवन संख्या 3/220, 3/299 एवं 1/647 के सामने असामाजिक तत्वों द्वारा प्लॉट की दीवार पर अवैध रूप से निर्मित घर बनाकर किए गए कब्जे को चिन्हित कर उसे हटाया गया। यह कार्रवाई अवैध निर्माण और कब्जे के विरुद्ध सख्त संदेश के रूप में देखी जा रही है।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |