
लखनऊ में देररात सड़क हादसा, ऑटो को टक्कर मारकर थार ने 8 लोगों को रौंदा, 2 की मौत
संक्षेप: यूपी की राजधानी लखनऊ में देररात सड़क हादसा हो गया। ऑटो को टक्कर मारकर थार ने 8 लोगों को रौंद दिया। इस सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हैं।
लखनऊ के कैंट में बनिया चौराहे के पास शनिवार रात तेज रफ्तार थार ने ई-ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर से ऑटो पलट गया। ऑटो सवार 8 लोगों को थार रौंदते हुए निकल गई। हादसे में ड्राइवर समेत दो लोगों की मौत हो गई। वहीं छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ऑटो सवार सभी लोग गोमती तट स्थित खाटू श्याम मंदिर दर्शन कर निगोहां स्थित घर लौट रहे थे। उधर, हादसे के बाद थार चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। ऑटो में ड्राइवर समेत आठ लोग सवार थे।

निगोहां के कुर्मीखेड़ा निवासी मोहित कुमार (25) शनिवार को अपने दोस्त आयुष यादव, अंश यादव, प्रमोद, अनुज, सुमित व भूपेन्द्र के साथ गोमती तट स्थित खाटू श्याम मंदिर दर्शन करने ई- ऑटो से आए थे। ई- ऑटो निगोहां के लवल निवासी उमेश साहू (26) चला रहा था। इंस्पेक्टर कैंट के मुताबिक देर शाम सभी लोग दर्शन कर ई-ऑटो से घर लौट रहे थे।
वह कैंट के बनिया चौराहे के पास पहुंचे थे तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार थार ने ई- ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर से ऑटो सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद भी थार सवार ने रफ्तार कम नहीं की। वह मोहित और ऑटो ड्राइवर उमेश को रौंदते हुए निकल गया। हादसा देख अपरा- तफरी मच गई। राहगीरों को जुटता देख थार चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने सभी को अस्पताल भेजवाया। जहां डॉक्टरों ने मोहित और उमेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं आयुष, अंश, प्रमोद, अनुज सुमित व भूपेन्द्र को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां सभी का इलाज चल रहा है। इंस्पेक्टर के मुताबिक थार को कब्जे में ले लिया गया है। नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है।
बिना बताए घर से निकले थे
कुर्मीखेड़ा निवासी राम स्नेही ने बताया कि बेटा मोहित शनिवार को घर को किसी को बिना बताए दोस्तों के साथ मंदिर दर्शन करने गया था। सात माह पहेल मोहित की शादी हुई थी। मोहित की पत्नी तीन माह की गर्भवती है। मोहित दो भाई और एक बहन में सबसे छोटा था। वहीं, उमेश के परिवार में पत्नी कीर्ति, बेटी गौरी व बेटा स्वास्तिक है। शव देख परिवार वालों का रो- रो कर बुरा हाल हो गया।





