ज्वैलरी कारोबारी ने की आत्महत्या, सर्राफा बाजार के भाव में उतार-चढ़ाव को लेकर थे परेशान

Jan 16, 2026 04:40 pm ISTDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share

यूपी की राजधानी लखनऊ में ज्वैलरी कारोबारी मनोज ने शुक्रवार को आत्महत्या कर ली। उनका शव घर के अंदर आंगन में जाल के सहारे रस्सी से फंदे पर लटका मिला। बताया जा रहा है कि वह सर्राफा बाजार के भाव में उतार-चढ़ाव को लेकर परेशान थे।

ज्वैलरी कारोबारी ने की आत्महत्या, सर्राफा बाजार के भाव में उतार-चढ़ाव को लेकर थे परेशान

लखनऊ के चौपटिया इलाके में रहने वाले ज्वैलरी कारोबारी मनोज ने शुक्रवार को आत्महत्या कर ली। उनका शव घर के अंदर आंगन में जाल के सहारे रस्सी से फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि सर्राफा बाजार में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में बाजार की स्थिति और आभूषणों के भाव में उतार-चढ़ाव को लेकर वह काफी परेशान रहते थे।

मनोज की चौक स्थित कुंदन मार्केट में आभूषणों की दुकान थी और वह लंबे समय से इसी व्यवसाय से जुड़े हुए थे। शुक्रवार सुबह जब परिजन जागे तो उन्होंने आंगन में मनोज को फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखते ही परिजनों की चीख निकल पड़ी। आनन-फानन में उन्हें फंदे से उतारकर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर सआदतगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। इंस्पेक्टर संतोष आर्य ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

परिजनों का कहना है कि मनोज पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और डिप्रेशन में थे। परिवार में पत्नी नीलू और दो बेटे—स्कंद और छोटू—हैं। चौक सर्राफा एसोसिएशन के महामंत्री विनोद महेश्वरी ने बताया कि मनोज एक मिलनसार और मेहनती कारोबारी थे। बाजार के हालात को लेकर वह मानसिक दबाव में थे। इस दुखद घटना से कुंदन मार्केट सहित पूरे सर्राफा समुदाय में शोक व्याप्त है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

Deep Pandey

लेखक के बारे में

Deep Pandey

दीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी टीम में हैं। दीप का डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव है। यूपी के लखनऊ और वाराणसी समेत कई जिलों में पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखने का शौक है। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए हैं। सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |