लखनऊ में भीषण आग से 15 की मौत, राष्ट्रपति मुर्मू-पीएम मोदी ने जताया दुख; मुआवजे का ऐलान
लखनऊ अग्निकांड पर KGMU MS प्रेम राज सिंह ने बताया, ‘हमारे पास करीब 22-23 लोग आए थे जिसमें से 15 मृत लाए गए थे। 8 घायल थे जिसमें से 6 की हालत स्थिर है 2 लोगों को ज्यादा चोट आई है। 15 शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।’
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार दोपहर करीब 3 बजे एक इमारत में भीषण आग लग गई। इमारत में स्थित कोचिंग संस्थान में लगी इस आग की चपेट में आने से 15 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल भी बताए जा रहे हैं। आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम ने बचाव अभियान शुरू कर दिया। मौके पर 14 दमकल वाहन और हाइड्रोलिक सीढ़ी से लैस गाड़ियां पहुंचीं। आग लगने के बाद कई लोग इमारत से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कुछ लोग अंदर फंस गए थे।
घने धुएं के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया है, जिसके चलते अग्निशमन कर्मियों ने बगल की इमारत की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया। आग की लपटों से बचने के लिए कुछ छात्र इमारत से कूद गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक को पहली मंजिल से गिरते हुए देखा गया। अग्निशमन कर्मी गीले कंबल लेकर अंदर गए और ऊपरी मंजिल तक पहुंचकर सभी कमरों व शौचालयों की जांच की। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री पाठक ने बताया कि निचली मंजिल पर पेट शॉप और ऊपरी मंजिल पर एनिमेशन सेंटर था। घटनास्थल पर स्ट्रेचर और बॉडी बैग भी देखे गए, जिससे हताहत होने की आशंका बढ़ गई है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर सक्रिय हैं।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, “इस घटना में 15 बच्चों की मौत हो गई है और चार घायल बच्चों को KGMC ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। घटना की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मुख्यमंत्री अलीगढ़ में अपने सभी तय कार्यक्रम रद्द करके घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं। हमारी प्राथमिकता घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराना है। घटना कैसे और क्यों हुई, इसका पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। अधिकारियों ने घटनास्थल पर तलाशी अभियान पूरा कर लिया है और पुष्टि की है कि अब कोई बच्चा वहां फंसा नहीं है। घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ बिना किसी नरमी के सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने पीड़ित परिवारों को पूरा समर्थन देने की बात दोहराई है और कहा है कि उन्हें हर संभव मदद दी जाएगी।”
Lucknow Fire Live Updates: 11:05 PM- लखनऊ कोचिंग इंस्टिट्यूट में आग लगने की घटना पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "यह घटना बेहद दुखद है। मैंने खुद घटनास्थल का दौरा करके स्थिति का जायजा लिया और अस्पताल जाकर वहां भर्ती घायल मरीजों से मुलाकात की। उन्हें सही इलाज मिल रहा है। शुरुआती इलाज के बाद कई लोगों को डिस्चार्ज दे दी गई । 2-3 मरीज अभी भी यहां हैं और उनका बिना किसी परेशानी के सही इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री ने खुद कहा है कि इस मामले की गहन जांच की जाएगी और जहां जरूरी होगा, वहां जिम्मेदारी तय की जाएगी, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही कोई नतीजा निकाला जा सकता है।"
Lucknow Fire Live Updates: 10:45 PM- उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री सुरेश खन्ना ने लखनई कोचिंग सेंटर में आग की घटना पर कहा, "बहुत ही तकलीफदेह घटना है। हम उन परिवारों के साथ हैं। हमारी संवेदनाएं उनके साथ हैं। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि ईश्वर उन्हें इस दुख को सहन करने की शक्ति दे। जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दे दिए हैं।"
Lucknow Fire Live Updates: 10:30 PM- लखनऊ कोचिंग इंस्टीट्यूट में आग लगने की घटना के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) का दौरा किया और आग लगने की घटना में घायल हुए लोगों से मुलाकात की। इस आग की घटना में 15 लोगों की मौत हो गई है।
Lucknow Fire Live Updates: 10:10 PM- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में आग की घटना के स्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा, 'आज एक बेहद दुखद घटना हुई है। मैं इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मुख्यमंत्री ने भी कहा है कि पूरे मामले की गहन जांच कराई जाएगी और जो भी व्यक्ति इस घटना के लिए जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।'
Lucknow Fire Live Updates: 9:45 PM- समाजवादी पार्टी के नेता रविदास मेहरोत्रा ने लखनऊ कोचिंग इंस्टीट्यूट में आग लगने की घटना पर कहा, 'यहां लखनऊ में अलीगंज में बहुत भीषण आग लगी है जिससे 15 युवाओं की मौत हो गई और कई लोग गंभार रूप से घायल हैं। ये केवल दर्दनाक हादसा नहीं है ये सरकार और प्रशासन की लापरवाही का परिणाम है। जिसके कारण 15 छात्र और युवाओं की मौत हुई है। हमारी मांग है जिन लोगों की मौत हुई है उनके परिवार वाले लोगों को 1 करोड़ रुपया आर्थिक मुआवजा दिया जाए। उनके परिवार में किसी एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दी जाए और जो लोग घायल हैं उनको सरकार 50 लाख रुपए देने का मुआवजा देने का काम करे। आज जो सरकार ने मुआवजा दिया है वो बहुत कम है। इस घटना के लिए कौन जिम्मेदार है जिम्मेदार के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो।'
Lucknow Fire Live Updates: 9:25 PM- अस्पताल में मुख्यमंत्री ने एक घायल महिला से बात की जिसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार अलीगंज की रहने वाली उस महिला ने आदित्यनाथ को बताया कि वह उसी इमारत में काम करती थी। चिकित्सकों ने मुख्यमंत्री को बताया कि महिला के पैर की हड्डी टूट गई है। बयान के अनुसार योगी आदित्यनाथ ने घटनास्थल पर मौजूद कुछ चश्मदीदों से भी बातचीत की और घटना के बारे में जानकारी ली।
Lucknow Fire Live Updates: 9:10 PM- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सांसद और देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोमवार रात लखनऊ पहुंचेंगे। वे अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड के घटनास्थल का जायजा लेने के बाद किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय जाकर घायलों से मुलाकात करेंगे। भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रात्रि 09:35 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सीधे अलीगंज स्थित घटना स्थल के लिए रवाना होंगे। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद रक्षा मंत्री किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ पहुंचेंगे। वहां वे अलीगंज कोचिंग अग्निकांड में घायल हुए लोगों से मिलकर उनका हालचाल लेंगे और चिकित्सकों से उनके उपचार की जानकारी लेंगे।
Lucknow Fire Live Updates: 8:50 PM- पंकज चौधरी ने भाजपा के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस दुःखद समय में प्रभावित परिवारों की सहायता अपने परिवार की तरह करें। उन्होंने कहा कि यह समय केवल संवेदना व्यक्त करने का नहीं, बल्कि पीड़ित परिवारों का संबल बनने का है। भाजपा कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करे कि कोई भी परिवार स्वयं को अकेला महसूस न करे। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें, शोक संतप्त परिवारों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति दें तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
Lucknow Fire Live Updates: 8:30 PM- भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने लखनऊ के पुरनिया, सेक्टर-डी स्थित कोचिंग सेंटर में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। चौधरी ने कहा कि इस दर्दनाक हादसे में कई लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक, हृदयविदारक और पूरे समाज को झकझोर देने वाला है। इस त्रासदी ने अनेक परिवारों से उनके अपने छीन लिए हैं, जिसकी क्षति की भरपाई कभी नहीं की जा सकती।
Lucknow Fire Live Updates: 8:10 PM- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अलीगंज कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना में मारे गए लोगों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की गई।
Lucknow Fire Live Updates: 8:00 PM- लखनऊ कोचिंग इंस्टीट्यूट में आग लगने की घटना पर पंजाब कैबिनेट मंत्री और AAP पंजाब अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने कहा, "बहुत दुखद है और योगी सरकार को इसके ऊपर संज्ञान लेना चाहिए और इसकी जबावदेही देनी चाहिए।"
Lucknow Fire Live Updates: 7:50 PM- बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि इस हादसे में अनेक लोगों की मौत तथा कई लोगों के घायल होने की घटना अति-दुखद है। मायावती ने कहा, "इस प्रकार की जानलेवा घटनाएं दिल को दहलाने वाली होती हैं तथा कितने ही परिवार की उम्मीदों को बिखेर देती हैं।" उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
Lucknow Fire Live Updates: 7:40 PM- लखनऊ की घटना पर दुख जताते हुए उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया पर कहा, 'उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आग लगने की घटना में लोगों की जान जाना बेहद दुखद है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।'
Lucknow Fire Live Updates: 7:30 PM- लखनऊ कोचिंग इंस्टीट्यूट में आग लगने की घटना पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, "घटना बहुत दुखद है, 15 बच्चे हताहत हुए हैं। रात में पोस्टमार्टम की व्यवस्था की जा रही है। टीमें बना दी गई है। घायलों का अच्छे से इलाज हो रहा है। हमने स्वयं घायलों से बात की है। एक को अधिक चोट लगी है उसका ऑपरेशन जारी है। इस घटना से मेरा मन बहुत दुखी है। पहली मंजिल से आग का धुआं आया। सीढ़ियों में आग थी। कुछ लोग केबल के सहारे नीचे आए, और कुछ कूद गए। रक्षा मंत्री लखनऊ पहुंच रहे हैं, उन्होंने गहरा दुख व्यक्त किया है।"
Lucknow Fire Live Updates: 7:20 PM- लखनऊ कोचिंग इंस्टीट्यूट में आग लगने की घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) का दौरा किया और आग की घटना में पीड़ित लोगों के परिवारों से मुलाकात की। आग लगने की इस घटना में 15 लोगों की मौत हो गई।
Lucknow Fire Live Updates: 7:10 PM- लखनऊ में हुए अग्निकांड पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "मुझे अभी लखनऊ में हुई एक दुर्भाग्यपूर्ण आग की घटना की जानकारी मिली है, जिसमें कई लोगों की जान चली गई। यह बेहद दुखद और पीड़ादायक त्रासदी है। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं और मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। मैंने प्रशासन के कुछ अधिकारियों से बात की है और स्थिति का जायजा लेने के लिए तुरंत लखनऊ रवाना हो रहा हूं।"
Lucknow Fire Live Updates: 7:00 PM- लखनऊ कोचिंग संस्थान अग्निकांड पर केजीएमयू के एमएस प्रेम राज सिंह ने बताया, "जब लोगों को अस्पताल लाया गया, तब 15 लोगों की पहले ही मौत हो चुकी थी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। इसके अलावा 7-8 अन्य लोगों को भी अस्पताल लाया गया। इनमें से दो को मामूली चोटें आई हैं। एक युवक को रीढ़ की हड्डी में चोट लगने की आशंका है, जिसका डॉक्टर इलाज कर रहे हैं। वहीं एक युवती के पैर में चोट है और उसकी भी जांच की जा रही है। सभी की उम्र लगभग 25 से 27 वर्ष के बीच प्रतीत होती है। अधिकांश मौतें दम घुटने के कारण हुई हैं।"
Lucknow Fire Live Updates: 6:50 PM- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में उस स्थान पर पहुंचे, जहां कोचिंग संस्थान में लगी भीषण आग में 14 लोगों की जान चली गई। मुख्यमंत्री ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से हादसे व राहत-बचाव कार्यों की जानकारी ली।
Lucknow Fire Live Updates: 6:45 PM- किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) की वाइस चांसलर प्रोफेसर सोनिया नित्यानंद ने कहा, "अलीगंज में आग की घटना घटी है और जितने को हम बचा सकते हैं हम उनको बचाएंगे लेकिन जिनकी मृत्यु हो गई है उनका पंचनामा करके ऑटोप्सी करानी जरूरी है। अभी सब शुरू हो गया है।"
Lucknow Fire Live Updates: 6:40 PM- सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, "लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से जिन्होंने अपनी जान गंवाई है, उनके प्रति हमारी श्रद्धांजलि। जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। सरकार घायलों के लिए सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुनिश्चित करे। ये एक बेहद दुखद घटना है। इसके पीछे के कारणों की ईमानदारी से जांच हो, बच्चे किसी के घर के भी हो सकते थे। भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके, हम सबकी यही कोशिश होनी चाहिए।"
Lucknow Fire Live Updates: 6:35 PM- लखनऊ आग हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से कहा गया, "लखनऊ में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"
Lucknow Fire Live Updates: 6:25 PM- लखनऊ के अलीगंज इलाके में जिस इमारत में आग लगी थी, उसी इमारत में स्थित पालतू पशुओं की दुकान और क्लिनिक थी। यहां से बिल्लियों को सुरक्षित बचाकर बाहर निकाला गया है।
Lucknow Fire Live Updates: 6:20 PM- लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने कहा, "14 लोगों को मृत घोषित किया गया है और पांच अन्य घायल हैं, जो खतरे से बाहर हैं। उन्हें इलाज मुहैया कराया जा रहा है। जो भी घायल आएगा, उसे इलाज दिया जाएगा।"
Lucknow Fire Live Updates: 6:15 PM- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि अभी-अभी मुझे जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक घटना हुई है वहां आग लगने की घटना में कुछ बच्चे चपेट में आए हैं और आग के कारण उनकी दुखद मौत हो गई है। प्रशासन वहां पर राहत कार्य में लगा हुआ है लेकिन उस दुखद घटना के कारण मुझे तत्काल लखनऊ वापस जाना पड़ रहा है। मैं मृतकों के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। इस पूरे मामले के लिए मैंने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक, अपर प्रमुख सचिव (गृह) को कहा कि वह स्वयं मौके पर जाकर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। मैं स्वयं भी वहां के लिए प्रस्थान कर रहा हूं ताकि इस मामले के दोषियों का पता चल सके और उन्हें हम सजा दे सके।"


