
गमछे का घूंघट, बार बालाओं के साथ ठुमके लगाते सिपाही का वीडियो वायरल, ऐक्शन में अफसर
यूपी की राजधानी लखनऊ में एक सिपाही का वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सिपाही गमछे का घूंघट डालकर बार बालाओं के साथ ठुमके लगाते दिखा है। पुलिस अफसर ऐक्शन में हैं।
यूपी के लखनऊ में रहीमाबाद के मोअज्जमनगर मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम बाल बालाओं के साथ एक गाने में थाने में तैनात सिपाही का ठुमके लगाते हुए वीडियो वायरल हुआ है। मामले की गंभीरता देखते हुए अफसरों ने थाने से रिपोर्ट मांगी है। रहीमाबाद पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट तैयार कर अफसरों को भेजी जा रही है।
शनिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में बार बालाएं एक चर्चित गाने पर झूमकर डांस कर रही हैं। उनके बीच एक व्यक्ति भी ठुमके लगाते देखा रहा है। बार बालाओं के साथ ठुमके लगा रहे व्यक्ति ने गमछे का घूंघट भी डाल रखा है। वह सादे कपड़ों में है। वायरल इस वीडियो को लेकर कहा जा रहा है कि यह वीडियो 25 अक्टूबर का है। रहीमाबाद इलाके के गौंदा मोअज्जमनगर में दीपावली के मौके पर कई दिन मेला लगता है। इस मेले में 25 अक्टूबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। जिसमें बार बालाओं का डांस कार्यक्रम था।
मामले का पुलिस अफसरों ने भी संज्ञान लिया
इस डांस कार्यक्रम में बार बालाओं के साथ ठुमके लगा रहा शख्स रहीमाबाद थाने में तैनात आरक्षी हृदयेश गौतम बताया जा रहा है। जो बार बालाओं के साथ जोरदार ठुमके लगाता नजर आ रहा है। हालांकि इस वायरल वीडियो की लाइव हिन्दुस्ता पुष्टि नहीं करता है। सिपाही का डांस करते वीडियो वायरल होने के मामले का पुलिस अफसरों ने भी संज्ञान लिया है और रहीमाबाद इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुनायक से सिपाही की रिपोर्ट तलब की है। डीसीपी उत्तरी गोपाल कृष्ण चौधरी का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। जांच रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
कई साल से क्षेत्र में जमा है आरक्षी
विभागीय जानकारों के मुताबिक आरक्षी हृदयेश गौतम क्षेत्र में कई साल से जमा है। कई साल पूर्व आरक्षी मलिहाबाद थाने पर रहने के बाद उसका तबादला माल थाने पर हो गया था। इसी बीच साल 2022 में रहीमाबाद चौकी को थाना बना दिया गया। फिर सिपाही ने जुगाड़ लगाकर रहीमाबाद थाने पर पोस्टिंग करवा ली।





