बीएमडब्ल्यू की सवारी और जेवर चोरी, मॉडल श्रद्धा दुबे के बाद कारोबारी शिवा के पुराने वीडियो वायरल
लखनऊ में अपार्टमेंट से गिरकर मरे कारोबारी शिवा शर्मा का अब पुराना वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह मॉडल श्रद्धा दुबे से बातचीत करता दिखाई दे रहा है।

लखनऊ, वरिष्ठ संवाददाता। राजधानी में कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के बाद आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे के तीन वीडियो वायरल होने के बाद शिवा के भी दो पुराने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। शिवा और श्रद्धा की बातचीत से संबंधित 56 सेकेंड का एक और दूसरा वीडियो 23 सेकेंड का सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वायरल वीडियो में शिवा, श्रद्धा के जेवर चोरी करने की बात स्वीकार कर रहा है। जेवर के छह लाख रुपये करम चुकता करने के लिए शिवा ने अपनी बीएमडब्ल्यू कार श्रद्धा के पास गिरवी रखी थी। यह बात भी उसने स्वीकार की। हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
वायरल वीडियो के अनुसार श्रद्धा सामने शिवा को बैठाया है। वह वीडियो रिकार्ड करते हुए उससे पूछ रही है कि तुमने मेरे यहां से कब चोरी की थी? किस टाइम पर की थी? सितंबर में की थी या अक्तूबर में? अभी मैं बहुत प्यार से पूछ रही हूं। पुलिस नहीं बुलाई है, सब सही सही बताओ। शिवा जवाब देता है...जब तुम वाशरूम में थी। तुम्हें टाइम लग रहा था।
श्रद्धा ने दूसरा सवाल किया कि क्या क्या चोरी किया था? फिर खुद ही जवाब देती है कि तीन सोने की चेन और ब्रेसलेट यही चोरी की थी न। शिवा जवाब देता है हां। श्रद्धा फिर पूछती है कहां बेचा? शिवा ने जवाब दिया चौक गोल दरवाजे के अंदर एक दुकान पर, एक लड़का उसे लेकर गया था वह दुकान नहीं जानता था। श्रद्धा बोलती है कि ज्वैलरी छह लाख रुपये की थी। यह रुपये तुम कब दोगे? शिवा जवाब देता है एक महीने में
23 सेकेंड के वीडियो में कार गिरवी रखने की बात
शिवा और श्रद्धा की बातचीत का दूसरा वीडियो 23 सेकेंड का है। वीडियो में श्रद्धा बोलती है रुपये कब वापस करोगे? शिवा ने जवाब दिया कि लिखित में दे रहा हूं। जबतक रुपये वापस नहीं कर देता गाड़ी गिरवीं रख लीजिए। जब रुपये दे दूंगा तो गाड़ी उठा लूंगा।
वीडियो वायरल कराने का मास्टरमाइंड कौन?
गुरुवार रात से शुक्रवार दोपहर तक हत्यारोपी श्रद्धा के तीन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। वीडियो वायरल कराकर श्रद्धा अपनी सफाई दे रही है। इसके बाद मोबाइल बंद कर देती है। यह वीडियो वायरल कराने के पीछे किसका हाथ है?
क्या है पूरा मामला
लखनऊ के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट के चौथे मंजिल पर स्थित फ्लैट से संदिग्ध हालात में गिरकर नौ अक्टूबर को कारोबारी शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। इसी फ्लैट में शिवा मॉडल श्रद्धा दुबे के साथ लिव इन में रहते थे। शिवा की मां रंजना ने श्रद्धा पर बेटे को मारकर फेंकने का आरोप लगाया है। शिवा को झूठे मुकदमे में फंसाने, सिगरेट से जलाने, माफिया और कई नामचीन लोगों से धमकी दिलाने का भी आरोप लगाया है। मां की शिकायत पर पुलिस ने श्रद्धा और उसकी बहन रश्मि समेत चार के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद से श्रद्धा उसकी बहन समेत सभी आरोपी फरार हैं। गिरफ्तार के लिए पुलिस ने 25-25 हजार का इनाम भी घोषित किया है।

