शिवा की मौत से ठीक पहले क्या-क्या हुआ? मॉडल श्रद्धा दुबे ने वीडियो में विस्तार से बताया
लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत को लेकर आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे ने एक और वीडियो जारी किया है। इसमें बताया है कि घटना से ठीक पहले क्या-क्या हुआ।

लखनऊ, वरिष्ठ संवाददाता। राजधानी के चर्चित शिवा हत्याकांड में 25 हजार की इनामी मॉडल श्रद्धा का 24 घंटे में तीसरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 5 मिनट 28 सेकेंड के इस वीडियो में श्रद्धा ने खुद और अपनी बहन रश्मि को बेकसूर बताते हुए कहा कि शिवा 20 लाख के कर्ज से परेशान था। उसने शिवा की मौत से पहले क्या-क्या हुआ, विस्तार से बताया है। कहा कि शिवा ने उसकी आंखों के सामने फ्लैट से कूदकर जान दी थी।पुलिस सभी वायरल वीडियो की जांच करा कर विवेचना में शमिल करने की तैयारी में है।
वहीं, शिवा की मां रंजना ने श्रद्धा की बातों को झूठ करार दिया है। उसने ही शिवा की हत्या की है। उन्होंने श्रद्धा के काले कारनामों से जुड़ी डायरी और इलेक्ट्रानिक साक्ष्य पुलिस को मुहैया करा दिए है। कहा कि शिवा की हत्या के बाद भी दो घंटे तक वह बरगलाती रही थी। आरोप लगाया कि श्रद्धा खुद को बचाने के लिए घड़ियाली आंसू बहा रही है और उसे उसके कृत्यों की सजा जरूर मिलेगी।
श्रद्धा बोली उसने शिवा को कूदते देखा
श्रद्धा ने कहा कि वह चार माह से शिवा के संपर्क में थी। दो माह से दोनों के संबंध थे। शिवा की हत्या नहीं हुई, बल्कि उसने आत्महत्या की है। उसने शिवा को बालकनी से कूदते देखा था। फिर उसे लेकर अस्पताल गई थी। फ्लैट और अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज से सच्चाई सामने आ जाएगी। श्रद्धा के मुताबिक उसकी शिवा से 6-7 दिन से बात नहीं हो रही थी। 7 अक्तूबर को शिवा ने कपूरथला चौराहे पर चाय वाले के जरिए उसके ड्राइवर को कॉल करवाया। वह रो रहा था। रात में शिवा अपनी बीएमडब्ल्यू कार से उससे मिलने आया। दोनों पेडलर्स कैफे गए और उसके बाद शिवा उसके घर पर आया।
कर्ज से परेशान था शिवा, व्हाट्सएप चैट मौजूद
श्रद्धा ने वीडियो में कहा कि शिवा से व्हाट्सएप चैट के उसके पास साक्ष्य हैं। चैट में वह कर्ज से परेशान होने की बात कह रहा है। उसके ऊपर बहुत कर्ज था लोग परेशान कर रहे थे। चैट के साक्ष्य और शिवा का मोबाइल पुलिस के पास भेजवा दिया है। वीडियो में श्रद्धा ने कहा कि 8 अक्तूबर को बहन रश्मि आई थी। उसका इस केस से कोई लेना-देना नहीं है। शिवा से उसकी कोई बातचीत भी नहीं होती थी। दिन में सबका एक साथ घूमना-फिरना हुआ, शाम को शिवा के दो दोस्त अश्वनी मिश्रा और हर्ष भी आए। फिर वह चले गए थे।
बहन ने गेट खोला तो कूद चुका था शिवा
वारदात वाले दिन यानी 9 अक्तूबर के बारे में श्रद्धा कहती है कि उस दिन वह डिप्रेशन में था। हम उसके लिए ड्राइंग रूम में चाय भिजवाते हैं। शाम में शिवा वॉशरूम के लिए अंदर जाता है। जब भी शिवा वॉशरूम के लिए जाता था तो मेरा मेन गेट नहीं बंद करता था। उस दिन जैसे ही उसने मेन गेट बंद किया मुझे कुछ शक हुआ। मैंने तुरंत बहन को भेजा। उससे कहा कि जाकर देखो यह क्या कर रहा है। जितनी देर में बहन गेट खोलती, तब तक उसने बॉलकनी खोलकर छलांग लगा दी।
श्रद्धा ने भी दी आत्महत्या की धमकी
श्रद्धा ने रोते ही वीडियो में कहा कि शिवा की मां ने अगर अपना बेटा खोया है तो उसने भी अपना बंदा खोया है। उसने कहा कि इसी तरह से उसे टार्चर किया जाता रहा तो वह भी आत्महत्या कर लेगी।
शिवा की मां ने श्रद्धा की बातों को झूठ बताया
शिवा की मां रंजना ने वीडियो में कही जा रही श्रद्धा की बातों को झूठ कहा है। मां ने कहा कि हत्या के बाद श्रद्धा और उसकी बहन दो घंटे तक बरगलाती रहीं। उन्होंने बताया कि बेटे के बारे में श्रद्धा और उसकी बहन रश्मि ठीक से बताया तक नहीं कि किस अस्पताल लेकर गई है। रात 8:30 बजे रश्मि फोन कर बोली कि शिवा का एक्सीडेंट हो गया है। शिवा को लोहिया अस्पताल लेकर पहुंची है। लोहिया पहुंची तो वहां कोई मिला नहीं।
रंजना ने बताया कि वह लोहिया में बेहद परेशान थी। श्रद्धा को दोबारा फोन किया तो उसने बताया कि ट्रामा सेंटर पहुंचिए। बाते गोलमोल लग रही थी। श्रद्धा से पूछा कि तुम कहां हो? तो बोली कि वह पहुंच रही है।
रंजना के मुताबिक जब वह ट्रामा सेंटर पहुंची तो वहां ड्राइवर मिला। श्रद्धा और रंजना फरार हो चुकी थी। रंजना ने बताया कि जब वह ट्रामा सेंटर पहुंची तो शिवा की मौत हो चुकी थी। पूरे शरीर पर सिगरेट से जलाए जाने और पिटाई के निशान थे। रंजना का आरोप है कि साजिश के तहत श्रद्धा उसकी बहन और अन्य लोगों ने मिलकर शिवा की हत्या की है।
यह है पूरा मामला
राजधानी लखनऊ में बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट के चौथे तल से संदिग्ध हालात में गिरकर नौ अक्टूबर की रात कारोबारी शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। शिवा अलीगंज कपूथला में रहते थे। शिवा की मां रंजना ने मॉडल श्रद्धा पर बेटे को झूठे मुकदमे में फंसाने, सिगरेट से जलाने, माफिया और कई नामचीन लोगों से धमकी दिलाने का आरोप लगाया था। शिवा की मां ने श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि समेत चार पर अपार्टमेंट से फेंककर बेटे की हत्या का आरोप लगाया था। मां के आरोपों पर हजरतगंज कोतवाली पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की तो श्रद्धा के फ्लैट से कई आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद होने की बात कही। श्रद्धा, उसकी बहन समेत अन्य आरोपियों के फरार होने पर 25-25 हजार का इनाम भी घोषित किया है।

