
पाकिस्तान की सीमा की तरह यूपी पहुंची बांग्लादेशी रीना, प्रेमी के साथ भारत में बसने का चुना अवैध तरीका
यूपी में हो रहे एसआईआर को लेकर कई तरह के मामले सामने आ रहे हैं। दो साल पहले पाकिस्तान के रास्ते से भारत आई सीमा हैदर की तरह अमरोहा में एक बांग्लादेशी लड़की अवैध तरीके से भारत में घुस आई है।
बिना किसी जरूरी दस्तावेज के दो माह से अवैध रूप से कस्बे में रह रही बांग्लादेशी रीना बेगम ने पुलिस को अपनी प्रेम कहानी का खुलासा किया है। उसकी कहानी भी बीते सालों देश-दुनिया की सुर्खियों में रही पाकिस्तानी सीमा हैदर और नोएडा के सचिन की लव स्टोरी से मिलती जुलती रही। सोशल मीडिया पर रीना की गतिविधियों ने उसके बांग्लादेशी होने का पुख्ता सबूत दिया तो हर कोई सन्न रह गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने रीना व उसके पति राशिद का चालान किया।
मंडी धनौरा के मोहल्ला कटरा निवासी राशिद अली पुत्र मुन्ने खां साल 2019 में सऊदी अरब गया था। वहां वह एक अस्पताल में काम करता था। इसी दौरान बांग्लादेश मूल की रीना बेगम से उसका इश्क परवान चढ़ गया। इसके बाद करीब छह साल पहले दोनों ने सऊदी में ही निकाह कर साथ रहने लगे। बीते अक्तूबर में दोनों ने भारत आने की प्लानिंग शुरू की। इसके बाद आठ अक्तूबर को दोनों बांग्लादेश से फ्लाइट के जरिए टूरिस्ट वीजा पर नेपाल पहुंचे। नेपाल के महेंद्र नगर में इंडो-नेपाल बॉर्डर से पैदल उत्तराखंड के टनकपुर पहुंचे। वहां से सड़क मार्ग से दोनों ने सितारगंज, रुद्रपुर, रामपुर, मुरादाबाद होते हुए नौ अक्तूबर की दोपहर अमरोहा पहुंचे। इसके बाद से दोनों यहां बेफिक्र रह रहे थे। लेकिन इसी बीच एसआईआर की शुरुआत ने उनकी मुश्किलें बढ़ गईं। वहीं रीना की फेसबुक प्रोफाइल पर अपलोड कई रील भी उसे स्थानीय लोगों के बीच संदेह के घेरे में खड़ी करती चली गईं।
गुरुवार को स्थानीय लोगों की पुख्ता सूचना पर जब पुलिस ने रीना और राशिद से पूछताछ की तो पहले रीना ने खुद के भारतीय होने का दावा करते हुए पुलिस अफसरों को गुमराह करने की कोशिश की। बावजूद इसके पहले ही पुख्ता इनपुट के बूते पड़ताल में जुटी पुलिस ने जब वीडियो दिखाते हुए रीना से सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरा राजफाश कर दिया। रीना के पास बांग्लादेश का पासपोर्ट मिला जो कि 2028 तक वैध है लेकिन उसे सऊदी अरब के लिए ही मान्य बताया गया है।
भारत में रहने से जुड़ा कोई वैध दस्तावेज वह नहीं दिखा सकी। इसके बाद थाने लाकर भी दोनों से करीब आठ घंटे तक पूछताछ की गई। प्रभारी निरीक्षक बालेंद्र यादव के मुताबिक रीना व राशिद के खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर चालान किया गया है। बांग्लादेशी महिला रीना के प्रकरण में कोई गंभीर आपराधिक तथ्य उजागर नहीं हुआ है। एसपी अमित कुमार आनंद का कहना है कि निकाह के बाद यहां ससुराल आना ही उसका मकसद रहा। मामले में सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।





