बहराइच में फिर तेंदुए की दबे पांव दस्तक, 7 साल के मासूम को मौत के घाट उतारा
बहराइच में खेत में छिपे तेंदुए ने सात साल के बच्चे पर हमला बोल मार डाला कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मंझरा गांव में सोमवार देर शाम हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

यूपी के बहराइच जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां तेंदुए के हमले में सात साल के बच्चे की मौत हो गई। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मंझरा गांव में सोमवार देर शाम हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई, जबकि बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दोनों मामले की जांच पड़ताल में जुट गए।
जानकारी के अनुसार, कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककरहा रेंज की नौबना बीट के अंतर्गत मंझरा गांव के बढ़इया चौराहे का रहने वाले रमेश का सात वर्षीय बेटा रोहित सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे घर के पास खेत की ओर शौच के लिए गया था। इसी दौरान पास के गन्ने के खेत में छिपे तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। बच्चे की चीख सुनकर परिजन और ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों को आता देख तेंदुआ गन्ने के खेत में घुस गया। ग्रामीणों को रोहित गंभीर हालत में मिला। परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत हो गई।
पीड़ित परिवार को मिलेगा मुआवजा
घटना की सूचना मिलने पर मुर्तिहा कोतवाली पुलिस और वन विभाग की टीम गांव पहुंची। मुर्तिहा कोतवाल यतींद्र सिंह ने बालक की तेंदुए के हमले में मौत होने की सूचना मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि वन विभाग को भी घटना से अवगत करा दिया गया है। वहीं, जिला वन अधिकारी (डीएफओ) अपूर्व दीक्षित ने बताया कि वन विभाग की टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है। उन्होंने पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिलाने और गांव के पास पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की कार्रवाई किए जाने की बात कही।
ग्रामीणों में दहशत
बता दें कि कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग का क्षेत्र वन्यजीवों की मौजूदगी के लिहाज से संवेदनशील है। ऐसे इलाकों में आबादी के आसपास स्थित गन्ने के खेतों में वन्यजीवों की मौजूदगी का पता लगाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। मंझरा गांव की घटना ने एक बार फिर वन क्षेत्र से सटे गांवों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा का सवाल खड़ा कर दिया है। तेंदुए की मौजूदगी और हमले की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों में भय का माहौल है। ऐसे में वन विभाग के सामने तेंदुए की निगरानी, उसे पकड़ने और ग्रामीणों को सतर्क करने की चुनौती है।
मोहम्मद शमी के गांव के पास दिखा तेंदुआ
उधर, अमरोहा के डिडौली क्षेत्र में तेंदुए की दहशत बढ़ती जा रही है। क्रिकेटर मोहम्मद शमी के गांव सहसपुर अलीनगर से मिल्क गौसपुर जाने वाली सड़क पर तेंदुआ दिखाई देने से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। तेंदुए का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में डर बना है। लोग खेतों की ओर जाने से बच रहे हैं, जरूरी काम से सड़क से गुजरने के दौरान सतर्कता बरत रहे हैं।

