सात साल के मासूम पर तेंदुए ने किया हमला, चीख सुनकर दौड़ी मां, बेटे को जबड़े से खींच लाई
बहराइच में चारपाई पर बैठे एक मासूम पर तेंदुए ने हमला बोल दिया। तेंदुए के हमले से बच्चे की बनियान उसके जबड़े में फंस गई। खाना बना रही मां ने बेटे के लिए जान की बाजी लगा दी और तेंदुए के जबड़े से बेटे को खींच लाई।

Bahraich News: यूपी के बहराइच में एक तेंदुए ने सात साल के मासूम पर हमला कर दिया। बेटे की चीख सुनकर मां दौड़ी तो सामने तेंदुआ था और उसके जबड़े में उसके बेटे की बनियान फंसी थी। मां ने बिना अपनी जान की परवाह किए तेंदुए से भिड़कर बेटे की दोनों टांगें पकड़ लीं और पूरी ताकत से अपनी ओर खींचने लगी। तेंदुआ बच्चे को खींचकर ले जाने की कोशिश करता रहा, लेकिन कलेजे के टुकड़े को बचाने के लिए मां ने पूरी ताकत से उसे दबोच लिया।
शोर मचने पर लोग दौड़े तो घबराया तेंदुआ बच्चे को छोड़कर भाग निकला। हमले में बालक के शरीर पर कई गंभीर घाव आए हैं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के कुछ देर बाद इसी इलाके में एक अन्य सात वर्षीय बच्ची पर भी वन्यजीव ने हमला कर घायल कर दिया। बच्ची अपनी मां के साथ गांव के बाहर जा रही थी। महिलाओं के शोर मचाने पर हमलावर जानवर भाग गया।
तेंदुए के जबड़े में फंस गई बच्चे की बनियान
मटेरा थाना क्षेत्र के करौंदा के मजरे भग्गड़वा गांव में चंदी चौहान का सात वर्षीय बेटा मिथिलेश रविवार रात करीब आठ बजे आंगन में चारपाई पर लेटा था। मां ऊषा देवी पास ही रसोई में खाना बना रही थी। इसी दौरान आहट सुनकर मिथिलेश चारपाई से उठा। तभी आंगन में घुसे तेंदुए ने उस पर झपट्टा मार दिया। हमले में बच्चे का सीना समेत बनियान तेंदुए के जबड़े में फंस गई। अचानक हमले से मिथिलेश के चीखने पर ऊषा दौड़कर पहुंचीं। तेंदुआ बच्चे को लेकर भागने लगा तो ऊषा ने बेटे की दोनों टांगें पकड़कर अपनी ओर खींचते हुए शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी दौड़ पड़े। लोगों की भीड़ और शोर के बीच तेंदुए ने बालक को छोड़ दिया और भाग निकला।
मां संग जा रही बच्ची पर मारा झपट्टा
इसी दौरान करौंदा गांव में रोहित वर्मा की सात वर्षीय बेटी सुनैना मां खुशबू के साथ गांव के बाहर जा रही थी। तभी वन्यजीव ने सुनैना पर झपट्टा मार दिया। उसके शरीर पर भी चोटें आईं। महिलाओं के शोर मचाने पर हमलावर भाग गया। दोनों बच्चों को रात में निजी क्लीनिक ले जाया गया। सोमवार सुबह सुनैना को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। नानपारा रेंजर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग ने तेंदुए के हमले से इनकार करते हुए सियार या कुत्ते के हमले की आशंका जताई है। हालांकि इलाके में वन विभाग की टीमें गहन गश्त कर रही हैं।
डीएफओ का दावा, दोनों हमले सियार के
प्रभागीय वनाधिकारी बहराइच ने बताया कि चार अक्तूबर की रात क्षेत्रीय वनाधिकारी, नानपारा को मिली कि तहसील नानपारा अन्तर्गत थाना मटेरा के ग्राम भगड़वा करौंदा निवासी चंदी चौहान का छह साल का बेटा घर के बाहर प्रांगण में बैठा था। रोहित वर्मा की पांच वर्षीय बेटी सुनैना चार अक्तूबर को तालाब के किनारे गई थी। लगभग सायं 7.30 से 8.00 बजे के बीच सियार ने उन पर हमला किया। दोनों घायल अपने-अपने घर चले गये, जो पूर्णतः स्वस्थ हैं। छानबीन पर सियार के पदचिन्ह पाए गए। स्थानीय ग्रामवासियों को जागरूक किया जा रहा है। नानपारा रेंजर पियूष गुप्ता का कहना है कि रात में ही वन विभाग की टीम पहुंच गई थी। उसी गांव में हूं। यह कुत्ता या सियार की हमला लग रहा है। वन महकमे की टीम गश्त कर रही है।


