Hindi NewsUP NewsLeave for marriage, discussion at home, then why suicide? The woman constable's father said something was being hidden
शादी की छुट्टी, घर पर बात, फिर सुसाइड क्यों? महिला सिपाही के पिता बोले- कुछ छिपाया जा रहा

शादी की छुट्टी, घर पर बात, फिर सुसाइड क्यों? महिला सिपाही के पिता बोले- कुछ छिपाया जा रहा

संक्षेप:

अलीगढ़ में सुसाइड करने वाली महिला सिपाही के पिता बेटी के अचानक उठाए गए इस कदम से बेहद हैरान हैं। बेटी से उनकी कुछ घंटे पहले बात हुई थी। पुलिस की बातों पर शायद उन्हें भरोसा नहीं है। उनका कहना है कि कोई बात छिपाई जा रही है। उन्होंने मामले के तह तक जाकर जांच की गुहार लगाई है।

Sun, 30 Nov 2025 07:54 AMYogesh Yadav अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता
share Share
Follow Us on

यूपी के अलीगढ़ में महिला सिपाही की आत्महत्या को लेकर उसके पिता करमवीर सिंह ने कहा कि हेमलता का स्वभाव ऐसा नहीं था कि वह इस तरह टूट जाए। उसने जरूर किसी के दबाव या तनाव में आकर यह कदम उठाया है। इसके पीछे की बात छिपाई जा रही है। पुलिस तह तक जाकर जांच करे। यह भी कहा कि सीसीटीवी कैमरे व सीडीआर खंगाले तो सच सामने आ जाएगा। रिटायर दारोगा के मकान में किराए पर रहने वाली बेटी को लेकर पिता का कहना है कि उसे शादी में आने के लिए छुट्टी मिल गई थी। दोपहर में ही बातचीत हुई और बिल्कुल ठीक लग रही थी। फिर इस तरह का कदम कैसा उठा सकती है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

बन्नादेवी थाना क्षेत्र के जवाहर नगर में किराये के मकान में रह रही एक महिला सिपाही ने शनिवार दोपहर को आत्महत्या कर ली। घटना से पहले चंद मिनट पहले ही उसने व्हॉट्सऐप पर स्टेटस डाला था। इसके बाद पुलिस मकान में पहुंची तो सिपाही फंदे पर लटकी मिली। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच में जुटी है।

ये भी पढ़ें:व्हॉट्सएप पर स्टेटस डालकर महिला सिपाही ने की आत्महत्या, रस्सी से लटका मिला शव

मूलरूप से आगरा के थाना कागारौल क्षेत्र के गांव बैमनी निवासी 28 वर्षीय हेमलता चाहर साल 2016 में पुलिस विभाग में बतौर कांस्टेबल भर्ती हुई थीं। फिलहाल वह रोरावर थाने में तैनात थीं। करीब पांच साल से बन्नादेवी क्षेत्र के होटल क्लासिक-इन के पीछे जवाहर नगर में रिटायर्ड दरोगा नरेंद्र सिंह के मकान में किराये पर रहती थीं।

हेमलता के पिता किसान हैं। हेमलता दो भाई व दो बहनों में सबसे छोटी थी। एक भाई व एक बहन की शादी हो चुकी है। एक भाई नोएडा में निजी कंपनी में नौकरी करता है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां बेसुध हो गईं।

पिता ने कहा कि वे हेमलता की शादी की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए लड़का तलाशा जा रहा था। हालांकि हेमलता से भी कोई शादी के बारे में पूछता तो वह भी यही कहती थी कि इस साल वह शादी कर लेगी।

2016 बैच की सिपाही हेमलता लंबे समय से अलीगढ़ में तैनात थीं। रोरावर थाने से पहले वह बन्नादेवी में करीब ढाई साल व महिला थाने में भी करीब ढाई साल तैनात रही थीं। उसकी साथी पुलिसकर्मियों व आसपास के लोगों का कहना है कि हेमलता का स्वभाव बहुत अच्छा था। वह किसी से ज्यादा मतलब नहीं रखती थी। शुक्रवार को भी उसने थाने में ड्यूटी की। इस दौरान अन्य महिला पुलिसकर्मियों से सामान्य तरीके से बात कीं। शनिवार को गांव में परिवार में से ही किसी की शादी थी, जिसमें शामिल होने के लिए उसने छुट्टी ली थी।

मैं किसी को हर्ट नहीं करना चाहती

हेमलता ने अपने व्हॉट्सएप स्टेटस पर केवल इतना ही लिखा था कि हो सके तो सभी मुझे माफ कर देना। मैं किसी को हर्ट नहीं करना चाहती। इसके अलावा उसने न तो किसी का नाम लिखा और न ही किसी पर कोई आरोप लगाया।

कॉल डिटेल भी खंगाल रही पुलिस

हेमलता रिटायर्ड दरोगा के मकान में निचले तल पर रहती थी। ऊपरी मंजिल पर पुलिस विभाग में ही इंस्पेक्टर कंचन किराये पर रहती हैं। फिलहाल वह भी घर पर नहीं हैं। पुलिस हेमलता के फोन की सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) भी खंगाल रही है।

सीओ द्वितीय कमलेश कुमार का कहना है कि रोरावर थाने में तैनात महिला सिपाही हेमलता ने अपने मकान में आत्महत्या की है। घटना से पहले व्हॉट्सएप पर एक स्टेटस भी डाला था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से अभी कोई आरोप नहीं लगाया गया है।