आकाश आनंद के समर्थन में मायावती को छोड़ने लगे नेता, धर्म सिंह ने बसपा से इस्तीफा दिया
बसपा प्रमुख मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी से बाहर कर दिया है। मायावती के इस फैसले से नाराज बसपा नेता अब मायावती को छोड़कर जाने लगे हैं। गुरुवार को मऊ जिले से बसपा के पूर्व प्रत्याशी धर्म सिंह गौतम ने आकाश के समर्थन में इस्तीफा दे दिया है।

Dharm Singh Gautam: आकाश आनंद को लेकर मायावती द्वारा लिए गए फैसले को लेकर बसपा नेताओं में नाराजगी शुरू हो गई। आकाश के समर्थन में बसपा नेता अब मायावती को छोड़ने लगे हैं। गुरुवार को मऊ जिले की गोहना विधानसभा क्षेत्र से बसपा के प्रत्याशी रहे धर्म सिंह गौतम ने इस्तीफा दे दिया। वह आकाश आनंद को पार्टी से निकाले जाने से नाराज थे। धर्म सिंह ने अपना इस्तीफा मायावती को भेज दिया है। उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से बसपा के लिए काम कर रहे थे। लेकिन पिछले कुछ दिनों से पार्टी में आकाश आनंद के साथ व्यवहार अच्छा नहीं हो रहा था।
उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव के बाद से ही आकाश आनंद को कई बार पार्टी से बाहर किया गया और फिर वापस ले लिया गया। लेकिन गुरुवार को बसपा प्रमुख के फैसले से वह बुरी तरह से आहत हो गए। मीडिया से बात करते हुए धर्म सिंह बोले, यूपी में विधानसभा चुनाव को कुछ महीने ही बाकी हैं। आकाश आनंद को युवा पीढ़ी अपना नेता मान रही रही थी। विधानसभा चुनाव से पहले मायावती के इस फैसले से युवाओं में नाराजगी बढ़ सकती है। जिसका खामियाजा बसपा को विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ सकता है।
पार्टी में बने रहें अन्य पदाधिकारी
मायावती को भेजे इस्तीफे के बाद मीडियो से मुखातिब हुए पूर्व प्रत्याशी धर्म सिंह ने बसपा के अन्य पदाधिकारियों से पार्टी में बने रहने की अपील की। धर्म सिंह का दावा है कि आकाश आनंद को पार्टी से बाहर निकाले जाने के बाद जब उन्होंने इस्तीफे की घोषणा की तो उनके पास कई लोगों के फोन आए और बसपा में बने रहने को लेकर राय मांगी। इस पर उन्होंने पदाधिकारियों को बसपा में रहने और संगठन के लिए काम करते रहने की अपील की है।
2022 में विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं धर्म सिंह
धर्म सिंह गौतम लंबे समय से बसपा से जुड़े रहे हैं। उन्होंने बूथ अध्यक्ष से लेकर सेक्टर अध्यक्ष, विधानसभा के विभिन्न पदों और भाईचारा कमेटी में भी जिम्मेदारी संभाली हैं। वह 2022 में मऊ जिले की मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा क्षेत्र से बसपा की टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि वह जीत हासिल नहीं कर पाए थे। इसके अलावा धर्म सिंह मंडल प्रभारी भी रह चुके हैं।
मायावती ने आकाश आनंद को बसपा से निकाले जाने की थी घोषणा
बसपा के पूर्व राज्यसभा सदस्य अशोक सिद्धार्थ के बृहस्पतिवार को राजनीति और सामाजिक जीवन से 'संन्यास' लेने के ऐलान के बाद पार्टी प्रमुख मायावती ने अपने भतीजे और सिद्धार्थ के दामाद आकाश आनन्द को पार्टी से पूरे तौर से 'मुक्त' करने की घोषणा कर दी। मायावती ने उनकी बुधवार की पोस्ट को आकाश की तरफ से 'रीपोस्ट' नहीं किए जाने पर भी सवाल उठाए और कहा कि ऐसा नहीं करने से यह लगता है कि सिद्धार्थ और आकाश दोनों को पार्टी और उसके आंदोलन में कम और अपने निजी तथा पारिवारिक स्वार्थ का मोह ज्यादा है।
मायावती ने कहा कि ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि आकाश 'डबल माइंड' होकर बसपा और बहुजन आंदोलन का भला कैसे कर सकते हैं, लिहाजा पार्टी के लोगों को यही बेहतर लगता है कि आकाश को जिस तरह से पिछली तीन सितंबर को पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक के पद सहित पार्टी की सभी अहम जिम्मेदारियां से मुक्त कर दिया गया था उसी तरह से उन्हें पार्टी में भी आज से पूरी तरह 'आजाद' कर दिया जाए। उन्होंने कहा, अगर आकाश आनन्द पार्टी में अब स्वतंत्र रहना चाहते हैं तो वे स्वतंत्र हैं। अर्थात ऐसे में अब इनको पार्टी से पूरे तौर से मुक्त कर दिया गया है। हालांकि मायावती ने यह स्पष्ट नहीं किया कि आकाश को निष्कासित किया गया है या नहीं।

