नेता प्रतिपक्ष अचानक सरकारी अस्पताल पहुंचे, हाथ में लगी थी चोट; जाते ही डॉक्टर को मिल गई नोटिस
नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय का काफिला रुकते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया। उनके हाथ में चोट आई थी। हालांकि जब वह अस्पताल पहुंचे तो इमरजेंसी में डॉक्टर मौजूद नहीं थे। नेता प्रतिपक्ष के आने की जानकारी सीएचसी प्रभारी डॉ. अनूप को हुई तो वे दौड़कर पहुंचे। उन्होंने उनका इलाज किया।

UP News: यूपी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय अचानक बस्ती के एक सरकारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में अपने हाथ की चोट का इलाज कराया। नेता प्रतिपक्ष के अस्पताल से जाते ही प्रभारी चिकित्साधिकारी ने इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर को नोटिस जारी कर दी। पता चला कि जिस वक्त नेता प्रतिपक्ष अस्पताल पहुंचे इमरजेंसी में डॉक्टर मौजूद नहीं थे।
मिली जानकारी के अनुसार नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय अपने गृह जनपद सिद्धार्थनगर से लखनऊ जा रहे थे। उनका काफिला रविवार की शाम लगभग चार बजे अचानक सीएचसी कप्तानगंज पहुंच गया। नेता प्रतिपक्ष का काफिला रुकते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि माता प्रसाद पांडेय के हाथ में चोट आई थी। हालांकि जब वह अस्पताल पहुंचे तो इमरजेंसी में डॉक्टर मौजूद नहीं थे। नेता प्रतिपक्ष के आने की जानकारी सीएचसी प्रभारी डॉ. अनूप को हुई तो वे दौड़कर पहुंचे और उन्होंने उनका इलाज किया। तकरीबन 15 मिनट तक रुकने के बाद उनका काफिला लखनऊ रवाना हो गया। सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष सीएचसी पहुंचे थे, जहां उनका इलाज किया गया है। किसी प्रकार की शिकायत उन्हें अभी नहीं मिली है।
सिद्धार्थनगर से लखनऊ जाते समय माता प्रसाद पांडेय के हाथ में चोट आ गई थी, जिसे दिखाने के लिए वह सीएचसी कप्तानगंज पहुंचे। गाड़ी से उतरकर वह सीधे इमरजेंसी में पहुंचे तो वहां कोई डॉक्टर नहीं था। मौके पर फार्मासिस्ट और वार्ड ब्वॉय थे। बताया गया कि डॉ. रवि कुमार सिंह की ड्यूटी है। उन्होंने निजी सचिव से सीएमओ से बात कराने को कहा, लेकिन बात नहीं हो सकी। अस्पताल में मौजूद प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अनूप कुमार ने स्थिति को संभाला और उनका कुशल-क्षेम पूछते हुए उनका हाथ देखा। उनकी हथेली पर खरोच के निशान थे।
डॉ. अनूप ने फार्मासिस्ट से ड्रेसिंग कराई और दवा दी। काफिले में मौजूद लोगों का कहना था कि रास्ते में अचानक ब्रेक लेने के चलते हाथ में खरोच आ गई और झटका लगा था। माता प्रसाद का काफिला गेट से बाहर निकलने के बाद अस्पताल स्टॉफ ने राहत की सांस ली। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अनूप कुमार ने बताया कि इमरजेंसी में जिस चिकित्सक की ड्यूटी थी, उन्हें नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। सूचना उच्चाधिकारियों को भी दी गई है।
48 घंटे से ड्यूटी कर रहे थे डॉ. रवि सिंह
इमरजेंसी ड्यूटी में अनुपस्थित पाए गए डॉ. रवि सिंह ने कहा कि वह लगातार 48 घंटे से ड्यूटी कर रहे थे। आवश्यक कार्य से कुछ समय के लिए बाहर गए थे कि इस दौरान नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय आ गए।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

