लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे को नहीं मिली बेल, टालनी पड़ी शादी; रोहित शेट्टी के घर फायरिंग केस में आरोपी
फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर फायरिंग के आरोपियों को पनाह देने के मामले में गिरफ्तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे रितिक यादव को जमानत नहीं मिली। बुधवार को उसकी शादी तय थी, लेकिन जमानत न मिलने से शादी टाल दी गई। मामले में अगली सुनवाई 20 मार्च को मुंबई कोर्ट में होगी।

बॉलीवुड फिल्म निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू (मुंबई) स्थित घर के बाहर फायरिंग के आरोपियों को छिपाने के मामले में गिरफ्तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे रितिक यादव को जमानत न मिलने के कारण उसकी तय शादी टालनी पड़ गई। बुधवार को रितिक की शादी होनी थी, लेकिन अदालत से राहत न मिलने की वजह से परिवार को यह फैसला लेना पड़ा। रितिक यादव को मुंबई क्राइम ब्रांच और हरियाणा एसटीएफ ने 15 फरवरी को हरियाणा के झज्जर जिले के मछरौली क्षेत्र से गिरफ्तार किया था।
फायरिंग के आरोपियों को शरण देने का आरोपी
आरोप है कि उसने रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग करने वाले आरोपियों को पनाह दी थी। गिरफ्तारी के बाद से ही वह न्यायिक हिरासत में है और उसकी जमानत याचिका पर सुनवाई चल रही है। इधर, बिजौली स्थित रितिक के घर पर शादी की तैयारियां पहले से चल रही थीं। घर की रंगाई-पुताई कराई जा रही थी और परिजन शादी की तैयारियों में जुटे थे। बुधवार को रितिक की मां गुड्डी देवी ने बताया कि उनके बेटे की शादी इसी दिन तय थी, लेकिन जमानत न मिलने के कारण अब इसे स्थगित करना पड़ा है।
गुड्डी देवी ने बताया कि उनके दो बेटे हैं। छोटा बेटा उनके पास रहकर पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है, जबकि बड़ा बेटा रितिक झज्जर और गुरुग्राम में प्रॉपर्टी का काम करने वाली एक कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर काम करता था। उन्होंने कहा कि 15 फरवरी की दोपहर उनकी बेटे से आखिरी बार बातचीत हुई थी। उस समय रितिक ने बताया था कि उसे एक नई साइट पर काम मिला है।
जमानत नहीं मिलने से शादी टली
मां के मुताबिक, उन्होंने बेटे को शादी के चलते ज्यादा काम न लेने की सलाह दी थी और समय पर घर आने को कहा था। उनका कहना है कि उनका बेटा एक जिम्मेदार नौकरी कर रहा था, इसलिए वह किसी गलत काम में शामिल नहीं हो सकता। रितिक के नाना बाबा रामप्रकाश यादव का भी कहना है कि उनके नाती को बेवजह फंसाया गया है। उन्होंने बताया कि रितिक की शादी ग्वालियर की एक युवती से तय हुई थी, लेकिन जमानत न मिलने के कारण फिलहाल शादी आगे बढ़ा दी गई है।
परिवार के अनुसार, इस मामले में मुंबई की अदालत में पहले 4 मार्च और फिर 10 मार्च को सुनवाई हुई थी। अब अगली सुनवाई 20 मार्च को तय की गई है। रितिक के पिता विनोद कुमार बेटे की पैरवी के लिए इन दिनों मुंबई में ही रहकर कानूनी प्रक्रिया में जुटे हुए हैं।


