आयुष्मान कार्ड के नाम पर हड़पी 50 करोड़ की जमीन, वाराणसी में भाजपा उपाध्यक्ष समेत दस पर केस
वाराणसी में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष समेत दस लोगों पर आयुष्मान कार्ड बनाने के नाम पर 50 करोड़ की जमीन हड़पने का आरोप लगा है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर लिया है।

वाराणसी में एक रिटायर शिक्षक की 50 करोड़ की जमीन आयुष्मान कार्ड बनवाने के नाम पर हड़प ली गई। रिटायर शिक्षक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर वाराणसी भाजपा के जिला उपाध्यक्ष समेत दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जमीन की धोखाधड़ी में भाजपा के पदाधिकारी का नाम आने से वाराणसी जिले की राजनीति भी गरमा गई है। पुलिस ने भाजपा नेता के साथ ही शिक्षक के सगे भतीजे, घरेलू वाहन चालक, उप निबंधक, लिपिक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है।
क्या है पूरा आरोप
रिटायर शिक्षक ओम प्रकाश की पत्नी प्रमिला मिश्रा ने शिकायत में बताया कि 65 वर्षीय पति दो वर्षों से किडनी रोग से ग्रसित हैं। सप्ताह में दो बार डायलिसिस होता है। इकलौता बेटा अभिषेक मिश्रा मुरादाबाद में चिकित्सक है। भतीजा विशाल मिश्रा, ड्राइवर रवि उपाध्याय और वरुणापति उपाध्याय उनकी डायलिसिस कराने ले जाते थे। आरोपियों ने पति से कहा कि इतना ज्यादा पैसा हर सप्ताह लग रहा है। हम लोग आयुष्मान कार्ड बनवा देते हैं। कार्ड से एक साल में पांच लाख तक इलाज हो जाएगा।
इन लोगों ने आयुष्मान कार्ड के बहाने ही पति के नाम बैंक खाता खुलवाया। फर्जी ढंग से पति के नाम एक सिमकार्ड भी ले लिया। पति के पेंशन खाते से भी नया नंबर जुड़वा लिया और बिना जानकारी दिये खुद उसका इस्तेमाल करने लगे। 30 मार्च 2026 को ओमप्रकाश मिश्रा का मोतियाबिंद का ऑपरेशन हुआ। चिकित्सकों ने धूप आदि से बचाव के लिए गहरे काले रंग का चश्मा लगा दिया।
इस तरह रची गई साजिश
पीड़िता के अनुसार विशाल मिश्रा और रवि उपाध्याय 7 अप्रैल को डायलिसिस कराने पति ओमप्रकाश को गैलेक्सी हॉस्पिटल ले गए। डायलिसिस के बाद अर्धचेतनावस्था में ही सीधे उपनिबन्धन कार्यालय गंगापुर ले गए। पांच बिस्वा जमीन नितेश राय को बैनामा कराई। शेष लगभग 65 बिस्वा जमीन और व्यावसायिक गोदाम विशाल मिश्रा ने दो दानपत्र विलेख के जरिए अपने नाम दान करा लिया।
विशाल ने उसी दिन दान विलेख के जरिए उपनिबन्धक एवं उनके कार्यालय के लिपिकों के मिलीभगत से पूरी सम्पत्ति का विक्रय पत्र एवं अनुबन्ध विक्रय विलेख (सट्टा) करा दिया। इधर, पति जब सही हुए तो आयुष्मान कार्ड के बारे में पूछा। आरोपी विशाल और रवि टालमटोल करते हुए लापता हो गए।
इन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज
प्रमिला की शिकायत पर ओमप्रकाश के भतीजे विशाल मिश्रा के साथ ही चालक मोहनसराय निवासी रवि उपाध्याय, परिचित दरेखू गांव के वरुणापति उपाध्याय, प्रवीण सिंह, जमीन कारोबारी घौसाबाद के सनराइज टाउन निवासी नितेश राय, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह, बरकी सिखड़ी निवासी अजय तिवारी, रोहनिया के नरउर निवासी प्रशांत सिंह, गंगापुर निबंधन कार्यालय के उप निबंधक अनिल कुमार, कार्यालय के लिपिक सत्यांशु सिंह को नामजद किया गया है।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।


