Hindi NewsUttar-pradesh NewsLalitpur NewsWomen Protest Against Liquor Shops in Khitwans Lalitpur Demand for Liquor Ban
ललितपुर में ताला तोड़ शराब की दुकान में घुसीं महिलाएं, बाहर फेंक पैरों से कुचला

ललितपुर में ताला तोड़ शराब की दुकान में घुसीं महिलाएं, बाहर फेंक पैरों से कुचला

संक्षेप:

Lalitpur News - ललितपुर के खितवांस ग्राम पंचायत में शराबबंदी की मांग कर रही लगभग 150 महिलाओं ने मंगलवार को शराब की दुकान पर हमला किया। उन्होंने शराब की पेटियों को बाहर निकालकर सड़क पर फेंक दिया और पैरों से कुचल दिया। इस दौरान महरौनी-ललितपुर मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने महिलाओं को शांत कराया और मामला दर्ज किया।

Feb 03, 2026 07:01 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, ललितपुर
share Share
Follow Us on

ललितपुर, संवाददाता। खितवांस ग्राम पंचायत में शराबबंदी की लंबे समय से मांग कर रही महिलाओं का मंगलवार को आक्रोश फूट पड़ा। हाथ में फावड़े और डंडे लेकर लगभग 150 महिलाएं मंगलवार दोपहर देशी शराब की दुकान पर पहुंचीं। दुकान का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर शराब की पेटियां बाहर उठा लाईं। सड़क पर फेंककर शराब को पैरों से कुचल दिया। इस दौरान महरौनी–ललितपुर मार्ग पर यातायात भी बाधित रहा। ग्रामीण महिलाओं का रौद्ररूप देखकर पुलिस कर्मी उनको रोकने की हिम्मत नहीं जुटा सके। ग्रामीण इलाकों में कई गांवों के पास शराब की नई दुकानें खुल गई हैं। ऐसे में पास में ही शराब मिलने से हर आयु वर्ग के लोग तेजी से इसकी गिरफ्त में आ रहे हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इससे न सिर्फ लोग घरों का कीमती सामान बेच रहे हैं, बल्कि लड़ाई झगड़े भी बढ़ गए हैं। परिवार की बर्बादी देख गांव की महिलाओं ने शराब की दुकानों को बंद करने के लिए कई बार मांग की। खितवांस ग्राम पंचायत की महिलाओं ने भी शराब के ठेके को बंद करने के लिए कई बार अफसरों को ज्ञापन सौंपे। हर बार सिर्फ आश्वासन मिले। बीते रोज महिलाओं ने दुकान पर जाकर इसे बंद करने का अल्टीमेटम दिया। मंगलवार को दुकान संचालित देख उनके सब्र का बांध टूट गया। बच्चों के साथ उन्होंने पहले शराब की दुकान के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। फिर भीतर घुसकर शराब की पेटियां सड़क पर फेंक उनको नष्ट कर दिया। इस दौरान ग्रामीण महिलाओं और बच्चों ने महरौनी-ललितपुर मार्ग पर जाम लगाकर नारेबाजी भी की। महरौनी क्षेत्राधिकारी रक्षपाल सिंह ने बताया कि ग्राम खितवांस में कुछ महिलाओं ने शराब के ठेके में घुसकर पेटियों और बोतलों को नष्ट किया है। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें शांत कराया। वादी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।