प्राचीन और नवीन मूर्ति का हुआ महामस्तकाभिषेक
Lalitpur News - ललितपुर के चांदपुर स्थित श्री शांन्तोदय तीर्थ क्षेत्र में आयोजित श्री पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री शांतिनाथ जी की प्राचीन और नवीन मूर्ति का महामस्तकाभिषेक देखा। महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं ने गजरथ शोभायात्रा में भाग लिया और पुण्य संचय किया।

ललितपुर। वन क्षेत्र से सटे चांदपुर स्थित श्री शांन्तोदय तीर्थ क्षेत्र में विगत आठ अप्रैल से आयोजित हो रहे श्री पंचकल्याणक प्रतिष्ठा, त्रय गजरथ महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने धर्मलाभ लिया। मंगलवार को प्रतिष्ठित भगवान श्री शांतिनाथ जी की प्राचीन और नवीन मूर्ति का महामस्तकाभिषेक के साथ महा महोत्सव पूर्ण हुआ। चांदपुर स्थित श्री शांन्तोदय तीर्थ क्षेत्र में आयोजित श्री पंचकल्याणक प्रतिष्ठा, त्रय गजरथ महोत्सव के अंतिम दिवस मोक्ष कल्याणक की क्रियाओं में प्रात: भगवान को कैलाश पर्वत पर निर्वाण प्राप्त होता है। कैलाश पर्वत पर मात्र उनका शरीर विलय होकर उनके नख और केश बचते है। उक्त नख व केशों को चारों भवनवासी हवन कुण्ड में विर्सजित करते हैं।
अग्नि देव के पात्र का सौभाग्य पदम चंद्र बानपुर, शुभम् जैन धौर्रा, जगदीश जैन, कीर्ति जैन जाखलौन को मिला। दोपहर में भव्य त्रय गजरथ महोत्सव परिक्रमा शोभायात्रा निकली। जिसमें श्रीजी को गजरथ में विराजमान किये सौधर्म इन्द्र धन्य कुमार सैदपुर व सारथी बने राजेन्द्र थनवारा चल रहे थे। द्वितीय रजत रथ में श्रीजी को विराजमान किये पुण्यार्जक इन्द्र रवीन्द्र जैन बिल्ला, धर्मेन्द्र जैन व सारथी बने आलोक नीलेश चौधरी चल रहे थे। तृतीय रथ में श्रीजी को विराजमान किये विधि नायक इन्द्र अरविन्द जैन आप्ट्रीकल्स व सारथी बने अरविन्द अंकुर अमन जैन कुम्हैड़ी चल रहे थे। शोभायात्रा में तीनों रथों के आगे आगे जगत पूज्य मुनिश्री सुधा सागर जी महाराज ससंघ आशीर्वाद देते हुए चल रहे थे। समापन बेला में त्रय गजरथ महोत्सव परिक्रमा शोभायात्रा के दौरान सहयोगी बने श्री जैन वीर व्यायामशाला, श्री विद्यासागर व्यायामशाला, श्री आदिनाथ सेवा संघ सहित जिनवाणी सेवा महिला मंडल, श्री विचार पूजन महिला मंडल, श्री नीली श्रविका महिला मंडल, श्री जैन समाज पंचायत समिति ललितपुर, श्री देवोदय देवगढ़ कमेटी, श्री सतोदय सेरोंन जी कमेटी, श्री अभिनंदनोंदय तीर्थ क्षेत्र निर्वाण कमेटी सहित समापन महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं ने गजरथ शोभायात्रा में सात परिक्रमा लगाते हुए पुण्य संचय किया। दूसरे दिन श्री शांन्तोदय तीर्थ क्षेत्र के मूल नायक भगवान शांतिनाथ की प्राचीन व नवीन प्रतिमा जी का सभी महोत्सव के पात्रों ने महामस्तकाभिषेक व शांतिधारा का सौभाग्य प्राप्त किया। महोत्सव में उप्र के श्रम सेवायोजन राज्य मंत्री मनोहरलाल पंथ ने मुनिश्री का मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। इसी क्रम महोत्सव में सौधर्म इन्द्र, महायज्ञ नायक कुबेर, इन्द्र सहित सभी सहयोगियों का भी मंच से सम्मान हुआ और सभी को मुनि श्री ने मंगल आशीर्वाद भी दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


