33 केवी में फाल्ट से रात्रि में कई घण्टे बाधित रही आधे शहर की विद्युत आपूर्ति
ललितपुर में भीषण गर्मी के बीच विद्युत आपूर्ति ठप हो गई, जिससे शहरवासियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। 33 केवी जंपर उड़ने से कई मुहल्लों में घंटों अंधेरा छाया रहा। विद्युत विभाग की टीम ने काफी प्रयासों के बाद फॉल्ट ठीक किया और देर रात लगभग डेढ़ बजे विद्युत आपूर्ति बहाल हुई।

ललितपुर। भीषण गर्मी के बीच पटरी से उतरी विद्युत आपूर्ति ने शहरवासियों का जीना मुहाल कर दिया है। विभागीय अधिकारी डिमांड और सप्लाई के बीच तालमेल नहीं बिठा पा रहे हैं। जिस कारण फाल्टों की बाढ़ आ गई। बृहस्पतिवार को रोड़ा बिजली घर के बाहर 33 केवी का जंपर उड़ने से बुधवार की तरह शहर के कई मुहल्लों में घंटों अंधेरा छाया रहा। बृहस्पतिवार देर रात्रि भोजन करने के बाद लोग सोने की तैयारी कर ही रहे थे कि अचानक चार नम्बर फीडर अन्तर्गत वर्णी कालेज व आजादपुरा, पांच नंबर फीडर के तहत राजपूत कालोनी, भरत हाऊस और चंडी माता फीडर अन्तर्गत चांदमारी, नई बस्ती और रेलवे स्टेशन रोड के आस पास अंधेरा छा गया।
विद्युत आपूर्ति ठप पड़ने से विद्युत उपकरण बंद हो गए। एसपी व कूलर बिना कुछ देर तक तो लोग कमरों के भीतर बने रहे लेकिन गुजरते समय के साथ कमरों के बढ़ते तापमान से उनकीं नींद टूट गयी। वह अपने परिजनों के साथ घर की छत और छज्जों पर जाकर बैठ गए। महिलाएं रोते बिलखते बच्चों को हाथ का पंखा झुलाते हुए हवा करके चुप कराने का प्रयास करती रहीं। वहीं बुजुर्ग गीली तौलिया लपेटकर बिजली आने का इंतजार करते रहे। इसके अलावा पढ़ने लिखने वाले और कामकाजी युवाओं की टोली विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन करके फाल्ट और लाइट आने के समय को जानने का प्रयास करते रहे। उधर, विद्युत विभाग के अफसर और कर्मी फाल्ट खोजने के लिए पेट्रोलिंग में जुट गए। काफी प्रयासों के बाद रोड़ा बिजली घर के पास 33 केवी विद्युत लाइन में फाल्ट मिला। ओवरलोडिंग के कारण यहां एक जंपर टूट गया था, जिससे विद्युत सब स्टेशन गल्ला मंडी प्रथम से जुड़े क्षेत्रों की आपूर्ति बंद हो गयी थी। फाल्ट मिलने के बाद विभागीय टीम ने इसको दुरुस्त किया। फिर एक-एक करके फीडर नंबर पांच, चंडी माता मंदिर, फीडर नंबर चार का लोड दिया गया। इस प्रक्रिया के दौरान भी कई स्थानों पर फाल्ट आते रहे। जिनको दुरुस्त करने में विद्युत विभाग अफसर व कर्मी जुटे रहे। इस तरह देर रात्रि डेढ़ बजे शहर की विद्युत आपूर्ति सुचारू हो सकी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


