
कंपनियों की जरूरत के मुताबिक क्षेत्र में बने प्रशिक्षण केंद्र
Lalitpur News - जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने बल्क ड्रग पार्क में रोजगार के लिए स्थानीय व्यक्तियों को दक्ष बनाने के लिए प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि कंपनियों की जरूरत के अनुसार स्थानीय बेरोजगारों को प्रशिक्षण देकर उनकी कार्यकुशलता बढ़ाई जा सकती है। यूपीसीडा के CEO ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई है।
बल्क ड्रग पार्क में यूनिटें लगाने वाली दवा उत्पादक कंपनियों को जिस तरह की दक्षता वाले कर्मचारी चाहिए, स्थानीय व्यक्तियों को उस ट्रेड का प्रशिक्षण देने के लिए केंद्र की स्थापना का प्रस्ताव जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी यूपीसीडा विजय किरन आनंद के समक्ष रखा है। जिस पर उन्होंने सहमति भी जताई है। जनपद में शनै-शनै मूर्त रूप लेते बल्क ड्रग पार्क के माध्यम से आस पास क्षेत्र और जनपद के बेरोजगारों को रोजगार मुहैया कराने के लिए उनकी दक्षता में इजाफे की जरूरत प्रशासन काफी पहले से महसूस करता चला आ रहा है। इन कंपनियों में विशेषज्ञ पदों और अन्य बड़े ओहदे पर काम करने वाले अफसर बाहरी जनपदों के तय माने जा रहे हैं।
लेकिन, तमाम ऐसे भी पद होंगे, जिन पर स्थानीय व्यक्तियों की जरूरत रहेगी। हालांकि यह सभी पद तकनीकी दक्षता के ही होंगे। मतलब साफ है कि इन फैक्ट्रियों में रोजगार पाने के लिए स्थानीय लोगों की आवश्यक ट्रडों में कार्यकुशलता जरूरी है। इसको ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने रविवार शाम बल्क ड्रग पार्क की प्रगति जांचने जनपद आए मुख्य कार्यपालक अधिकारी यूपीसीडा विजय किरन आनंद के समक्ष यह मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बल्क ड्रग पार्क में यूनिटें स्थापित करने वाली कंपनियों से बातचीत करके यदि यह जान लिया जाए कि उनको किस कार्यकुशलता के व्यक्ति चाहिए, तो स्थानीय बेरोजगारों को प्रशिक्षण दिया जाना आसान हो जाएगा। क्षेत्र में ऐसे प्रशिक्षण केन्द्र की स्थापना कराई जा सकती है, जहां स्थानीय बेरोजगारों को प्रशिक्षण देकर इन कंपनियों में नौकरियों के लिए दक्ष बनाया जाए। डीएम के इस प्रस्ताव पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी यूपीसीडा ने सहमति जताई और इस दिशा में कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। इसके अलावा स्थानीय लोगों की कार्यकुशलता बढ़ाने को अन्य कार्यों का प्रशिक्षण दिलाते रहने के लिए कहा। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने कार्यों को गुणवत्तापूर्वक ससमय पूर्ण किये जाने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया। साथ ही भारत सरकार की संस्था राईट्स लिमिटेड को प्रत्येक माह कार्यों की गुणवत्ता जांच रिपोर्ट भेजने के लिए कहा। इसके अतिरिक्त फार्मा पार्क को रेल और हवाई मार्ग से जोड़ने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने के भी निर्देश दिये गये। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सत्यप्रकाश, अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव, महाप्रबन्धक पीके कौशिक, क्षेत्रीय प्रबन्धक संदीप कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक सत्यपाल, उपजिलाधिकारी मड़ावरा व महरौनी आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




