Lalitpur News: गांधी और शास्त्री जयंती संग मनाया ग्रैंडपेरेंट्स डे
Lalitpur News: ललितपुर के एसडीपीएस इंटरनेशनल स्कूल में 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के साथ ग्रैंडपेरेंट्स डे का आयोजन हुआ। विधायक रामरतन कुशवाहा ने समाज में बुजुर्गों के महत्व पर जोर दिया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खेलों के माध्यम से दादा-दादी के प्रति प्रेम व्यक्त किया।

Lalitpur News: ललितपुर। एसडीपीएस इंटरनेशनल स्कूल में दो अक्टूबर पर महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के साथ ग्रैंडपेरेंट्स डे का भव्य आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि सदर विधायक रामरतन कुशवाहा व उनकी पत्नी शकुंतला कुशवाहा ने महापुरुषों को श्रद्धासुमन अर्पित करके बुजुर्गों को समाज की धरोहर बताया। अतिथियों ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया। फिर वक्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा व स्वच्छता के संदेश के महत्व बताए। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्य अतिथि सदर विधायक श्री रामरतन कुशवाहा ने कहा कि ग्रैंडपेरेंट्स परिवार की मजबूत नींव हैं। बच्चों द्वारा अपने दादा-दादी एवं नाना-नानी के साथ इस प्रकार के कार्यक्रम में भाग लेना हमारी पारिवारिक परंपराओं और संस्कारों को मजबूत करता है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। फिर विद्यार्थियों ने स्वागत गीत व मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। विशेष रूप से किंडरगार्टन के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों की नृत्य प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरीं। बच्चों ने अपने दादा-दादी व नाना-नानी के साथ रैंप वॉक में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने सुंदर कविताओं के माध्यम से अपने ग्रैंडपेरेंट्स के प्रति प्रेम, सम्मान का भाव व्यक्त किया। समारोह का विशेष आकर्षण ग्रैंडपेरेंट्स के लिए आयोजित मनोरंजक खेल रहे। दादा-दादी व नाना-नानी ने कप पिरामिड गेम, बैलेंसिंग द कप तथा कलर पिकिंग गेम में पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। खेलों के दौरान ग्रैंडपेरेंट्स की खुशी देखते ही बन रही थी। बच्चों ने भी उनका उत्साह बढ़ाया और इस अवसर का आनंद लिया। चेयरमैन कमलेश चौधरी ने कहा कि दादा-दादी, नाना-नानी बच्चों के जीवन में संस्कार, अनुभव और स्नेह का महत्वपूर्ण आधार हैं। ऐसे आयोजन पीढ़ियों के बीच प्रेम और सम्मान को मजबूत करते हैं।


