अतिवृष्टि प्रभावित किसानों को शीघ्र दिलाएं बीमा क्लेम: दानिश

Apr 06, 2026 11:14 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, ललितपुर
share

Lalitpur News - ललितपुर में प्रभारी मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने किसानों की क्षतिपूर्ति और बुनियादी ढांचे के विकास पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को समय पर लाभ मिले और बिजली-पानी की समस्याओं का समाधान किया जाए। इस बैठक में कई विकास योजनाओं और रोजगार मेलों की भी चर्चा हुई।

अतिवृष्टि प्रभावित किसानों को शीघ्र दिलाएं बीमा क्लेम: दानिश

ललितपुर। पिछले कुछ दिनों से मौसम की मार के चलते परेशान किसानों को समय से क्षतिपूर्ति दिलाने के लिए प्रभारी मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि अधिकारी शासन की मंशा के मुताबिक काम करें। यदि ऐसा नहीं होगा तो उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बैठक में जिलाधिकारी श्री सत्य प्रकाश ने प्रभारी मंत्री को बताया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग में जिले की 86 में से 72 योजनाओं को ए ग्रेड प्राप्त हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि जनपद में जिला चिकित्सालय व राजकीय मेडिकल कॉलेज स्तर पर इन्टीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब और 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक निर्मित कराने के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है, अब निर्माण कार्य होने से लोगों को लाभ मिलेगा।

डीएम ने प्रभारी मंत्री से पाली से बरेली जनपद के लिए बस सेवा शुरु कराने का अनुरोध किया, जिससे यहां का पान व्यापार फिर से समृद्ध हो सके। प्रभारी मंत्री ने इसके लिए शासन स्तर पर चर्चा का आश्वासन दिया। उन्होंने ऊर्जा और कृषि विभाग के कार्यों पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों से नाराजगी व्यक्त की और स्पष्ट निर्देश दिये कि शासन की मंशानुसार कार्य करें। जनपद के किसानों के प्रति संवेदनशील और उत्तरदायी रहें। जिले के किसानों को भरपूर बिजली और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करायी जाये। गर्मी के मौसम को देखते हुए पूर्व से ही बार बार खराब होने वाले ट्रांसफार्मरों और तारों को बदलवाया जाए, इसके साथ ही पानी की उपलब्धता के लिए सभी सम्बंधित विभाग पूर्व से ही प्रभावी रणनीति बनाकर उस पर कार्य करें, ताकि जनपदवासियों को गर्मी के मौसम में विद्युत और पानी से सम्बंधित कोई समस्या न हो। उन्होंने विगत दो माह में झटपट पोर्टल पर कनेक्शन के लिए आये आवेदनों और लम्बित आवेदनों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही लम्बित आवेदनों के सम्बंध में अधीनस्थों को नोटिस भी जारी करने को कहा। उन्होंने कहा कि पेमेन्ट करने के बाद भी कनेक्शन न मिलने की शिकायतें आ रहीं हैं। इस दौरान जिलाध्यक्ष भाजपा हरिश्चन्द्र रावत ने सुझाव दिया कि जहां फाल्ट होता है, उसी क्षेत्र की बिजली काटी जाये। कांशीराम कॉलोनी में लोड की समस्या हल करने को नया ट्रांसफार्मर रखवाया जाए। उन्होंने तालबेहट वन क्षेत्र में अवैध कटान के संबंध में शिकायत की। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने किसानों को बीमा क्लेम की धनराशि दिलाने के लिए प्रयास तेज करने को कहा। नमामि गंगे प्रोजेक्ट की समीक्षा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने बताया कि क्षेत्र में अधिकांश शिकायतें रोड खोदकर छोड़ देने की आ रही हैं। जिस पर प्रभारी मंत्री ने जल निगम अधिकारियों को सड़कों की मरम्मत करने के लिए कहा। युवा कल्याण, सेवायोजन और क्रीड़ा विभाग की समीक्षा में प्रभारी मंत्री ने वृहद स्तर पर रोजगार मेला, खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित करने के लिए कहा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक, मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे संजय मिश्र, सीएमओ डा. इम्तियाज अहमद आदि उपस्थित रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।