
नारी सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन के लिए मनोयोग से करें कार्य
Lalitpur News - नारी सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन के लिए मनोयोग से करें कार्यजिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति मिशन वात्सल्य की बैठक में डीएम ने की समीक्षाललितपुर। मह
महिलाओं व बालक-बालिकाओं के समग्र विकास को संचालित कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वय के उद्देश्य से डीएम सत्य प्रकाश ने सोमवार को महिला कल्याण विभाग की ‘जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति’ मिशन वात्सल्य की बैठक में सम्बंधित अधिकारियों व समिति सदस्यों को कड़े निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि वह जनपद में नारी सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन तथा बाल कल्याण व संरक्षण पर पूरे मनोयोग से कार्य करते हुए सरकारी योजनाओं से पात्रों को लाभान्वित करायें। उन्होंने मुख्यमंत्री सुमंगला योजना पर जोर देते हुए कहा कि इस योजना का उद्देश्य प्रदेश व जनपद में समान लिंग अनुपात स्थापित करना, कन्या भ्रूण हत्या को रोकना, बालिकाओं के स्वास्थ्य व शिक्षा को सुदृढ़ करना, बालिकाओं के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करना तथा बेटी के जन्म के प्रति आमजन में सकारात्मक सोंच विकसित करना है।
इसलिए इस योजना की पात्रता के अनुसार शत-प्रतिशत नामांकन कराकर पात्र व्यक्तियों को लाभ देना सुनिश्चित करें। इसके लिए उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी व जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि वह बेटी के जन्म के साथ आंगनबाड़ी, आशा एवं एएनएम के द्वारा माता-पिता को जागरुक कर ऑनलाइन आवेदन करायें। उन्होंने बीएसए को निर्देशित किया कि वह कक्षा-1 में बेटी क प्रवेश के साथ ही बेटी के माता-पिता को विद्यालय बुलाकर उनका आवेदन कराना सुनिश्चित करें। इसी प्रकार उन्होंने पति की मृत्यु उपरान्त निराश्रित महिला पेंशन योजना के शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने हेतु जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिये कि वह ऐसी मृत्यु के प्रमाण पत्र जारी होने की संख्या के सापेक्ष आवेदन करायें और उन्हें पेंशन का लाभ दें। बैठक के दौरान उन्होंन जनपद में बाल विवाह रोकने पर जोर देेते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रधान, पंचायत सेवक, रोजगार सेवक, कोटेदार, पंचायत अधिकारी आदि क्षेत्रीय अधिकारी/कर्मचारी के साथ मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक कर उन्हें बाल विवाह रोकने की जिम्मेदारी दी जाए। उन्होंने जनपद में नशाखोरी पर चिंता व्यक्त करते हुए नशा पर अंकुश लगाने के लिए जनजागरुकता अभियान चलाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि एक-एक कर गांव को सभी प्रकार के नशों से मुक्त कराया जाए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




